IPL 2026 के आगाज की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे बड़े अपडेट सामने आ रहे है। इस बीच श्रीलंका क्रिकेट की ओर से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट ने युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में खेलने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, अन्य श्रीलंकाई खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
हसरंगा और पथिराना पर सस्पेंस
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 साल के मलिंगा 24 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ेंगे। वह हैदराबाद पहुंचकर टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू करेंगे। उनके साथ श्रीलंका के बल्लेबाज कामिंदु मेंडिस भी टीम में शामिल होंगे, जिन्हें पहले ही NOC मिल चुका है। वहीं, वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। दोनों खिलाड़ी फिटनेस टेस्ट में हिस्सा नहीं ले सके, जिसके चलते IPL में उनकी एंट्री में देरी हो सकती है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम मथीशा पथिराना के पूरी तरह फिट होने का इंतजार करने को तैयार है, बजाय इसके कि तुरंत कोई रिप्लेसमेंट लिया जाए। इसी तरह लखनऊ सुपर जायंट्स को भी अपने खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा को लेकर कोई स्पष्ट अपडेट नहीं मिला है। वहीं, नुवान थुशारा के मामले में भी स्थिति साफ नहीं है। श्रीलंका क्रिकेट ने कहा है कि उनका NOC उनकी फिटनेस टेस्ट के नतीजों पर निर्भर करेगा।
दसुन शनाका को मिली हरी झंडी
हालांकि, कुछ अन्य श्रीलंकाई खिलाड़ियों को राहत मिली है। दुष्मंथा चमीरा और पथुम निसंका के साथ हाल ही में राजस्थान रॉयल्स से जुड़े दसुन शनाका को भी खेलने की मंजूरी मिल चुकी है। IPL 2026 से पहले श्रीलंकाई खिलाड़ियों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। जहां कुछ खिलाड़ियों को हरी झंडी मिल चुकी है, वहीं बड़े नामों का इंतजार अभी जारी है। ऐसे में फ्रेंचाइजियों की नजर श्रीलंका क्रिकेट पर टिकी हुई है। इस बीच, सनराइजर्स हैदराबाद के ऑफिशियल्स ने बताया है कि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस 24 मार्च को बेंगलुरु पहुंचेंगे और तब तक टीम के बाकी सदस्यों के भी पहुंचने की उम्मीद है। SRH 28 मार्च को चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL के उद्घाटन मैच में घरेलू टीम और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेगी।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: रोचक हो गई है अब जंग, क्या 2 बार की चैंपियन टीम हो जाएगी बाहर
आईपीएल मैच शुरू होने का सही वक्त नोट कीजिए, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला