इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 51वां लीग मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच में खेला गया, जिसमें केकेआर की टीम को इस मैच में 143 रनों का टारगेट मिला था और उसे उन्होंने सिर्फ दो विकेट के नुकसान पर 14.2 ओवर्स में हासिल कर लिया। केकेआर की इस एकतरफा जीत के सबसे बड़े हीरो न्यूजीलैंड के खिलाफ फिन एलन रहे जिन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में शतकीय पारी खेल दी। इस शतकीय पारी के साथ फिन एलन एक ऐसी उपलब्धि भी हासिल कर ली है जो अब तक कोई भी न्यूजीलैंड का कोई भी खिलाड़ी टी20 क्रिकेट में करने में कामयाब नहीं हो सका था।
फिन एलन इस मामले में बने न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी
टी20 क्रिकेट में अभी तक न्यूजीलैंड की तरफ से एक से एक शानदार खिलाड़ी इस फॉर्मेट में देखने को मिले हैं, जिसमें एक नाम फिन एलन का भी शामिल है। फिन एलन न्यूजीलैंड के अब पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो टी20 क्रिकेट में एक साल में तीन शतकीय पारियां खेलने में कामयाब हो सके हैं। फिन एलन ने इस साल की शुरुआत में पर्थ स्कॉर्चर्स की तरफ से खेलते हुए शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में फिन एलन के बल्ले से सेंचुरी देखने को मिली थी। अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में शतकीय पारी खेलने के साथ फिन एलन ने इस साल टी20 में अपनी तीसरी सेंचुरी लगाई है।
केकेआर के लिए आईपीएल में लगाई सबसे तेज सेंचुरी
फिन एलन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में सिर्फ 47 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था, जिसमें उन्होंने 5 चौके के साथ 10 छक्के भी लगाए। इसी के साथ फिन एलन आईपीएल में केकेआर की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, जिसमें उन्होंने सुनील नरेन का रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने साल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 49 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर ब्रैंडन मैकुलम का नाम है जिन्होंने आईपीएल इतिहास के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ हुए मैच में 53 गेंदों में शतक पूरा किया था। इसके अलावा फिन एलन अब ब्रैंडन मैकुलम के बाद सिर्फ दूसरे ऐसे न्यूजीलैंड के खिलाड़ी हैं जो आईपीएल में शतकीय पारी खेलने में कामयाब हुए हैं। मैकुलम ने आईपीएल में दो शतक लगाए हैं, जिसमें एक केकेआर की तरफ से जबकि एक उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए लगाया था।
ये भी पढ़ें
केएल राहुल ने IPL में बना दिया अनोखा रिकॉर्ड, टूटना लगभग नामुमकिन; बन गए ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी