एशिया कप की शुरू होने का इंतजार सभी फैंस काफी बेसब्री के साथ कर रहे हैं, जिसमें इस बार टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट का आगाज 9 सितंबर से होगा। एशिया कप 2025 के मुकाबले यूएई के दुबई और अबु धाबी में खेले जाएंगे। अभी तक टूर्नामेंट के लिए सिर्फ भारत और पाकिस्तान ने अपनी स्क्वाड का ऐलान किया है, जिसमें बाकी की 6 टीमों के स्क्वाड का ऐलान होना बाकी है। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी प्रज्ञान ओझा को एशिया कप में एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
प्रज्ञान ओझा को टेक्निकल कमेटी में किया गया शामिल
भारतीय टीम के पूर्व बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा को क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार टेक्निकल कमेटी में शामिल किया गया है, जिसमें वह समिति के सदस्य होने के नाते खेल से जुड़े विवाद को निपटाने के साथ टूर्नामेंट के बीच में किसी खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट को मंजूरी देना या ना देने का फैसला भी करेंगे। टेक्निकल कमेटी की अहम जिम्मेदारी टूर्नामेंट का सही तरीके से संचालन करना है, जिसमें वह खेल के नियमों का पूरी तरह से पालन हो इसका ध्यान भी रखेगी। वहीं मैचों के लिए ऑफिशियल्स की नियुक्ति भी टेक्निकल कमेटी करेगी। अभी इसमें कुछ और देशों के प्रतिनिधि शामिल किए जाएंगे जिसमें जरूरी नहीं कि सभी देशों के प्रतिनिधि हों।
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल सदस्य भी रहे हैं प्रज्ञान ओझा
प्रज्ञान ओझा को लेकर बात की जाए तो उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य के तौर पर भी काम किया और वह भारतीय क्रिकेटर्स एसोसिएशन के सदस्य भी रह चुके हैं। प्रज्ञान ओझा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान वह टेस्ट क्रिकेट में जहां 113 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे तो वहीं वनडे में 21 जबकि टी20 इंटरनेशनल में प्रज्ञान ओझा ने कुल 10 विकेट अपने नाम किए।
ये भी पढ़ें
शाकिब अल हसन इतिहास रचने के बेहद करीब, ऐसा करिश्मा करने वाले बनेंगे दुनिया के 5वें गेंदबाज
टीम इंडिया में नो एंट्री, फिर भी हिम्मत नहीं हार रहा ये खिलाड़ी, अब नए टूर्नामेंट के लिए तैयार