क्रिकेट जगत में इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग यानी CPL 2025 की धूम मची हुई है। 14 अगस्त से CPL 2025 का आगाज हुआ था और अब तक 7 मुकाबले टूर्नामेंट में खेले जा चुके हैं। बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर शाकिब अल हसन भी इस टूर्नामेंट का हिस्सा हैं और एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के लिए खेल रहे हैं। इस दौरान शाकिब अब एक बड़ा मुकाम हासिल करने के बेहद करीब पहुंच गए हैं।
दरअसल, CPL 2025 के 7वें मुकाबले में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स और ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें शाकिब अल हसन ने एक ओवर में महज 2 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। इस विकेट की मदद से शाकिब के नाम T20 क्रिकेट में 499 विकेट दर्ज हो गए और अब अगले मैच में एक विकेट लेते ही वह 500 T20 विकेट लेने वाले दिग्गज गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे।
ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने के करीब शाकिब
शाकिब अल हसन ने अब तक 455 T20 मैच खेले हैं और 21.50 के औसत से 499 विकेट चटकाए हैं। अब शाकिब के पास एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स की ओर से अगले मैच में 500 विकेट पूरे करने का शानदार मौका होगा। एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स की टीम अब 22 अगस्त को CPL 2025 के 9वें मैच में गयाना अमेजन वॉरियर्स के खिलाफ खेलने उतरेगी। इस मैच में शाकिब एक शिकार करते ही 500 T20 विकेट लेने वाले गेंदबाजों के खास क्लब में शुमार हो जाएंगे। अब तक सिर्फ दुनिया के 4 गेंदबाज ही इस उपलब्धि को हासिल कर सके हैं। इनमें राशिद खान, ड्वेन ब्रावो, सुनील नरेन और इमरान ताहिर शामिल हैं।
T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- राशिद खान - 658
- ड्वेन ब्रावो - 631
- सुनील नरेन - 590
- इमरान ताहिर - 549
- शाकिब अल हसन - 499
गौरतलब है कि शाकिब अल हसन की गिनती दुनिया के दिग्गज ऑलराउंडरों में होती है। 500 विकेट पूरे होते ही शाकिब के नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हो जाएगी। इंटरनेशनल क्रिकेट में 700 से ज्यादा विकेट लेने वाले शाकिब के नाम तीनों फॉर्मेट में 14 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं।