1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मैच खेलने के दौरान भारतीय खिलाड़ी को पड़ा दिल का दौरा, 39 साल की उम्र में हुआ निधन

मैच खेलने के दौरान भारतीय खिलाड़ी को पड़ा दिल का दौरा, 39 साल की उम्र में हुआ निधन

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 24, 2026 10:53 pm IST,  Updated : May 24, 2026 10:53 pm IST

घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक टीम की तरफ से खेलने वाले 39 साल के पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का 24 मई को केएससीए थर्ड डिवीजन मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

Cricket- India TV Hindi
क्रिकेट Image Source : AFP

क्रिकेट के मैदान से 24 मई को एक दुखद खबर उस समय सामने आई जब भारतीय घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक टीम की तरफ से खेलने वाले पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का 39 साल की उम्र में निधन हो गया। रविवार को एसएल अक्षय केएससीए के थर्ड डिवीजन मैच में सैफायर सीसी की तरफ से खेल रहे थे। इस मैच में उन्होंने जब अपने चार ओवर्स पूरे किए तो उसके बाद उनको थोड़ा असहज महसूस हुआ जिसके बाद वह तुरंत ड्रेसिंग रूम में चले गए जहां से उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर जाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने के बाद एसएल अक्षय को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

केएससीए ने अक्षय के निधन पर जारी किया बयान

एसएल अक्षय के अचानक निधन की खबर सामने आने के बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ की तरफ से भी बयान जारी किया गया जिसमें उन्होंने कहा कि अक्षय ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कर्नाटक के लिए काफी योगदान अपने खेल के दिनों में दिया। इसके बाद जब उन्होंने रिटायरमेंट लिया तो एक कोच के रूप में एसएल अक्षय ने क्रिकेट की सेवा करने के अपने जुनून को बरकरार रखा और जूनियर लेवल पर युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा को बेहतर करने में अपना अहम योगदान दिया।

वहीं पूर्व भारतीय खिलाड़ी डोडा गणेश ने भी एसएल अक्षय के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनकी फोटो के साथ पोस्ट करते हुए लिखा कि क्रिकेट जगत के लिए बेहद दुखद खबर। 39 साल के तेज गेंदबाज एसएल अक्षय जिनको मैंने अंडर-19 क्रिकेट के दिनों से काफी करीब से देखा था का उनका आज एक डिवीजन मैच खेलते हुए निधन हो गया। मेरे पास अपने दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। अक्षय की आत्मा को शांति मिले।

कर्नाटक रणजी विजेता टीम का भी रहे अक्षय हिस्सा

साल 2014-15 में जब कर्नाटक की टीम ने रणजी ट्रॉफी को अपने नाम किया था तो उस समय एसएल अक्षय भी स्क्वाड का हिस्सा थे। वहीं एसएल अक्षय के क्रिकेट करियर को लेकर बात की जाए तो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 6 मैच खेलते हुए 18 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा 6 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम 6 विकेट जबकि 9 टी20 मैचों में एसएल अक्षय ने कुल 8 विकेट अपने नाम किए थे। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद एसएल अक्षय ने कर्नाटक की अंडर-19 टीम में कोचिंग की जिम्मेदारी को संभाला हुआ था।

ये भी पढ़ें

 

वैभव सूर्यवंशी ने अब फील्डिंग से IPL में रचा इतिहास, ध्वस्त हुआ 8 साल पुराना कीर्तिमान

9 चौके-15 छक्के, रवांडा के बल्लेबाज ने मचाया कोहराम, जड़ दिया T20I का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल