Team India: भारतीय क्रिकेट टीम को एक और दफा अपने घर पर टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा है। एक वक्त ऐसा भी था कि जब अपना घर भारतीय टीम के लिए अभेद्य किला हुआ करता था, लेकिन अब ये ढहता हुआ सा दिख रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभी एक और टेस्ट बाकी है, लेकिन टीम इंडिया सीरीज को जीत नहीं पाएगी, भले ही आखिरी मैच जीत ही क्यों ना लिया जाए। पिछले करीब दो साल में टेस्ट में टीम इंडिया का जो हाल हुआ है, वो एक वक्त 12 साल में हुआ था। तब टीम इंडिया की कमान एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा के हाथ में हुआ करती थी। लेकिन तब से लेकर अब तक काफी कुछ बदल गया है।
न्यूजीलैंड सीरीज में भी हुआ था टीम इंडिया का सूपड़ा साफ
टीम इंडिया को इससे पहले पिछले साल करीब इस वक्त पर न्यूजीलैंड से अपने घर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। तब तीन के तीन मैच टीम इंडिया हार गई थी। हालांकि अभी जब वेस्टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर आई तो भारतीय टीम ने दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम की थी, लेकिन जैसे ही साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीम से पाला पड़ा, टीम की पोल फिर से खुलकर सामने आ गई।
ये हैं भारतीय टीम के अपने घर पर टेस्ट में आंकड़े
अब जरा आंकड़ों की बात करेंगे, जिससे तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। साल 2011 से लेकर 2023 तक टीम इंडिया ने अपने घर पर 41 मैच जीते थे और केवल 5 ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। वहीं 9 मैच ड्रॉ रहे थे, लेकिन साल 2024 से लेकर अब तक भारत ने अपने घर पर 8 टेस्ट मैच जीते हैं और 5 में उसे हार मिली है। हाल ये है कि हारते हुए मैचों को टीम इंडिया ड्रॉ कराने की स्थिति में भी नहीं आ पा रही है। यानी 2011 से लेकर 2023 तक भारत ने जितने टेस्ट अपने घर पर हारे थे, उतने ही टेस्ट दो साल खत्म होने से पहले ही हार चुकी है। अब इस साल का आखिरी टेस्ट टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के ही खिलाफ खेलती हुई नजर आएगी।
स्पिन नहीं खेल पा रहे हैं भारतीय टीम के बल्लेबाज
इस लगातार घर पर मिल रही हार की प्रमुख वजह स्पिन को ना खेल पाना है। भारत में जब भी टीम इंडिया खेलती है तो हर बार स्पिन फ्रेंडली पिच तैयार की जाती है, लेकिन जो नए और युवा खिलाड़ी आए हैं, वे स्पिन खेल ही नहीं पाते। यानी जो स्पिन कभी हमारी दोस्त हुआ करती थी, वही दुश्मन बन गई है। इस हार के सिलसिले को तोड़ा तभी जा सकता है, जब या तो बैटिंग विकेट बनाई जाए या फिर भारतीय खिलाड़ी स्पिन खेलना सीख जाएं। अब दूसरे मैच में गुवाहटी में कैसी पिच होगी, ये देखना दिलचस्प होगा, साथ ही टीम इंडिया की बल्लेबाजी कैसी रहती है, इस पर भी नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया की बढ़ी मुसीबत, अब कप्तान होंगे बाहर? किसे मिलेंगी एंट्री