New Zealand Cricket: न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने कीवी टीम के पूर्व हेड कोच गैरी स्टीड की वापसी का ऐलान किया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने 26 सितंबर को पुष्टि करते हुए बताया कि स्टीड अब एक नई भूमिका में हाई-परफॉर्मेंस कोच के तौर पर काम करेंगे। NZC की ओर से जारी बयान के मुताबिक, गैरी स्टीड का काम खिलाड़ियों और कोचों के विकास के साथ-साथ हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रमों को मजबूत करना होगा। यह नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब स्टीड ने जून 2025 में न्यूजीलैंड पुरुष टीम के हेड कोच पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने 2018 से 2025 तक इस भूमिका में रहते हुए टीम को शानदार सफलताएं दिलाईं।
स्टीड के कार्यकाल में न्यूजीलैंड टीम तीन बड़े ICC टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची। इनमें 2019 वनडे वर्ल्ड कप, 2021 T20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। इसके अलावा उनकी कोचिंग में न्यूजीलैंड ने 2019–2021 के चक्र में पहला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खिताब जीतते हुए भारत को फाइनल में हराया था।
खिलाड़ियों को बेहतर बनाने की होगी कोशिश
अपनी नई भूमिका को लेकर गैरी स्टीड ने कहा कि पिछले 30 सालों से न्यूजीलैंड क्रिकेट उनके दिल के बेहद करीब रहा है। अब भी इस खेल में योगदान देने का मौका मिलना उनके लिए बहुत खास है। उन्हें कोचिंग को लेकर जुनून है और वह चाहते हैं कि अपनी स्किल्स और अनुभव को साझा करके खिलाड़ियों और कोचों को बेहतर बनाने में मदद करूं। अगर उनकी कोशिशों से न्यूजीलैंड की मेन्स टीम और महिला क्रिकेट टीम इंटरनेशनल स्तर पर जीत हासिल करते हैं, तो यह उनके लिए बड़ी संतुष्टि की बात होगी।
भारत में भी कर पाएंगे कोचिंग
यह पार्ट-टाइम भूमिका होने के कारण स्टीड को NZC के बाहर भी काम करने का अवसर मिलेगा। इसका मतलब यह भी है कि उनकी यह नई नियुक्ति 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में आंध्र क्रिकेट टीम के हेड कोच बनने में बाधा नहीं डालेगी। उन्होंने आगे कहा कि वह आभारी हैं कि उन्हें NZC के बाहर भी काम करने का मौका मिल रहा है। इससे उन्हें अपने अनुभव और कौशल को और व्यापक करने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान से हुआ ब्लंडर, गली क्रिकेट में लड़के भी नहीं करेंगे ऐसी भयंकर भूल