इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच में लीग स्टेज का 8वां मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। मुंबई इंडियंस ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव किए हैं, जिसमें उनके नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं, जिन्होंने टॉस के समय हार्दिक पांड्या के बाहर होने के पीछे के कारण का खुलासा किया है।
हार्दिक की तबियत नहीं है ठीक
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में टॉस के समय जब हार्दिक पांड्या की जगह पर सूर्यकुमार यादव पहुंचे तो उन्हें सभी देखकर थोड़ी देर के लिए चौंक गए। सूर्या ने हार्दिक के नहीं खेलने को लेकर कहा कि उनकी तबियत ठीक नहीं है और वह आज का मैच खेलने के लिए पूरी तरह से फिट नहीं थे। इसलिए उन्हें आराम देने का फैसला लिया गया है और उनकी जगह पर मैं कप्तानी की जिम्मेदारी को संभाल रहा हूं। सीजन की शुरुआत जीत के साथ करने पर हम बहुत खुश हैं, इससे टीम सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ती है। पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी लग रही है। हम पहले बैटिंग ही करना चाहते थे। प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव हुए हैं, जिसमें हार्दिक की जगह पर दीपक चाहर को शामिल किया गया है तो वहीं कॉर्बिन बॉश को बोल्ट की जगह पर शामिल किया गया है। इसके अलावा अल्लाह गजांफर की जगह पर मिचेल सैंटनर को शामिल किया है।
यहां पर देखिए इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
मुंबई इंडियंस - रोहित शर्मा, रयान रिकल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
दिल्ली कैपिटल्स - केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, विपराज निगम, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, मुकेश कुमार।
दिल्ली के खिलाफ मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड है अच्छा
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड बेहतर देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने कुल 37 मुकाबले खेलते हुए 21 मैचों को अपने नाम किया है, जबकि 16 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले सीजन मुंबई इंडियंस ने खेले अपने दोनों ही मुकाबलों में जीत हासिल की थी।
ये भी पढ़ें
लंदन शिफ्ट होने पर उठे सवाल, तो विराट कोहली ने दिया करारा जवाब, कहा- क्या मैं ओवरसीज प्लेयर हूं?
सुनील गावस्कर ने खोली CSK की पोल, बताया क्या है टीम की कमजोर कड़ी