भारतीय क्रिकेट टीम को जब आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, तो उसके बाद उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता काफी कठिन दिख रहा था। इसकी सबसे बड़ी वजह अफ्रीका के साथ वेस्टइंडीज ने भी काफी बड़े अंतर से अपना मुकाबला जीता था। ऐसे में 26 फरवरी को जब टीम इंडिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला खेलना था, तो उससे पहले साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच में भी मैच खेला गया जिसको लेकर सबसे ज्यादा नजरें भारतीय फैंस की टिकी हुई थी। इस मैच में अफ्रीका टीम ने एकतरफा 9 विकेट से जीत हासिल की। वहीं टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने मुकाबले को 72 रनों से अपने नाम कर लिया। इस मैच के बाद टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का भी बड़ा बयान सामने आया जिनको जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या के बल्ले से 23 गेंदों में अर्धशतकीय पारी देखने को मिली, जिसके बाद उन्हें इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। हार्दिक ने इस दौरान अपने दिए बयान में कहा कि मैं अपनी पारी से काफी खुश हूं। मुझे अपनी बल्लेबाजी के दौरान लगा कि मैं काफी ताकत के साथ हिट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन फिर मुझे एहसास हुआ कि मैं बॉल को टाइम भी कर सकता हूं और आसानी से छक्के लगा सकता हूं। मुझे लगता है कि ये मेरी लय को बनाए रखने के लिए अच्छा मुकाबला था। वहीं हम सभी की नजरें साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच में चल रहे मुकाबले पर भी नजरें थी।
हार्दिक पांड्या इस मुकाबले में गेंदबाजी में भले ही कोई विकेट हासिल नहीं कर सके, लेकिन अभी तक टूर्नामेंट में उनका गेंद से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। हार्दिक ने अपनी गेंदबाजी को लेकर कहा कि मुझे लगता है कि मुझे नई बॉल से बॉलिंग करना पसंद है। यह स्विंग करती है। मेरा मतलब है, भगवान मेहरबान हैं। मेरे पास इन स्विंग, आउट स्विंग दोनों तरह की बॉलिंग करने की प्रतिभा है। इससे मुझे विकेट लेने का भी मौका मिलता है। बता दें कि हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया है, जिसमें वह अब भारत की तरफ से इस अवॉर्ड को सबसे ज्यादा बार जीतने के मामले में युवराज सिंह, रविचंद्रन अश्विन और युवराज सिंह के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs ZIM: टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में बनाया सबसे बड़ा स्कोर, ध्वस्त किया 19 साल पुराना रिकॉर्ड
संपादक की पसंद