ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज 2025-26 का चौथा मुकाबला बॉक्सिंग डे के दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है, जिसके पहले दिन का खेल पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा। टॉस हारने के बाद मेजबान कंगारू टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो वह अपनी पहली पारी में सिर्फ 152 रन बनाकर सिमट गई। वहीं इसके बाद इंग्लैंड की तरफ से भी बल्लेबाजी में कोई खास प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उनकी भी पहली पारी सिर्फ 110 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से पहली पारी में सबसे ज्यादा रन हैरी ब्रूक के बल्ले से देखने को मिले जिन्होंने 41 रन बनाए जिसके दम पर वह अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड भी करने में कामयाब रहे।
हैरी ब्रूक ने एक झटके में सहवाग और गिलक्रिस्ट को छोड़ा पीछे
टेस्ट क्रिकेट में जब से हैरी ब्रूक ने कदम रखा है उसके बाद से वह इंग्लैंड की बल्लेबाजी क्रम का एक अहम हिस्सा बन गए हैं। ब्रूक टेस्ट में भी टी20 अंदाज में रन बनाते हुए दिखते हैं, जिससे गेंदबाजों के लिए भी कई बार उन्हें रोक पाना आसान काम नहीं होता है। हालांकि अभी तक इस एशेज सीरीज में उनके बल्ले से एक भी शतकीय पारी देखने को नहीं मिल सकी है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट में हैरी ब्रूक जब 41 रनों की पारी खेलकर आउट हुए तो उस समय तक उन्होंने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया था। ब्रूक अब टेस्ट में सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, जिसमें उन्होंने ये कारनामा सिर्फ 3468 गेंदों में किया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व खिलाड़ी एडम गिलक्रिस्ट के नाम पर था जिन्होंने टेस्ट में 3000 रन सिर्फ 3610 गेंदों में पूरे किए थे।
टेस्ट में सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज
- हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) - 3468 गेंदें
- एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) - 3610 गेंदें
- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 4047 गेंदें
- ऋषभ पंत (भारत) - 4095 गेंदें
- वीरेंद्र सहवाग (भारत) - 4129 गेंदें
ब्रूक ने इस मामले में बनाई दिग्गजों की क्लब में अपनी जगह
अभी तक टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ चार ही ऐसे बल्लेबाज हैं जिनके 3000 से अधिक रन होने के बाद 45 से अधिक का औसत और 70 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट है, जिसमें एक नाम हैरी ब्रूक का भी है। इस लिस्ट में दिग्गज खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स, वीरेंद्र सहवाग और एडम गिलक्रिस्ट का नाम पहले से शामिल था। रिचर्ड्स ने जहां टेस्ट में 8540 रन बनाए तो वहीं उनका औसत 50.23 का रहा जबकि स्ट्राइक रेट 70.2 का देखने को मिला। वीरेंद्र सहवाग ने टेस्ट में 8586 रन 49.34 के औसत से बनाए और उसमें उनका स्ट्राइक रेट 82.23 का रहा। एडम गिलक्रिस्ट ने टेस्ट में 5570 रन 47.6 के औसत से बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 81.95 का देखने को मिला। हैरी ब्रूक को लेकर बात की जाए तो वह अब तक टेस्ट क्रिकेट में 3034 रन 54.17 के औसत से बना चुके हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 81.95 का देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें
21वीं सदी में पहली बार किसी अंग्रेज बॉलर ने किया ऐसा करिश्मा, मेलबर्न के मैदान में चला जादू
स्टीव स्मिथ ने राहुल द्रविड़ को छोड़ा पीछे, टेस्ट क्रिकेट में अब सिर्फ जो रूट रह गए आगे