Prithvi Shaw: टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की आईपीएल में वापसी हुई है। IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद इस सीजन वह फिर से दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल हो गए हैं। IPL 2026 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में दिल्ली ने उन्हें बेस प्राइस (75 लाख) पर खरीदा था। आईपीएल 2023 और 2024 में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से उन्हें काफी मौके मिले लेकिन वहां उनके बल्ले से रन नहीं आए। उस दो सीजन को मिलाकर उन्हें 16 पारियों में खेलने के मौका मिला और वहां उनके बल्ले से सिर्फ 304 रन आए। इस बीच आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले उन्होंने अपने क्रिकेटिंग करियर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
ब्रेक से मिला पृथ्वी शॉ को फायदा
IPL 2026 के शुरू होने से पहले पृथ्वी शॉ ने कहा है कि उन्हें जो एक साल का ब्रेक मिला इससे उन्हें काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी का खूब मजा लिया। मैंने अपना दिमाग थोड़ा तरोताजा करने के लिए कई जगह ट्रैवल किया। फिर मैं वापस आया और उसी रूटीन को फॉलो किया। मैंने प्रैक्टिस की, कड़ी मेहनत की। चाहे वह ट्रेनिंग हो या बैटिंग, जो मैं पहले करता था, वह अब मैं तीन बार करने लगा हूं। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए एक अच्छा ब्रेक था। मैं यह नहीं कह सकता कि मैंने खुद को पीछे किया। मुझे खुद को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उस ब्रेक की जरूरत थी।
अपनी गलतियों को लेकर पृथ्वी शॉ ने क्या कहा?
IPL 2024 के बीच में DC ने शॉ को टीम से बाहर कर दिया था। फिर 2024-25 सीजन के दौरान शॉ को उनकी घरेलू टीम मुंबई से भी बाहर कर दिया गया था। शॉ को लेकर श्रेयस अय्यर ने कहा था कि उन्हें अपने अपने काम करने की आदतों में सुधार की जरूरत है। हालांकि वह इसके बाद महाराष्ट्र के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने लगे। इसको लेकर शॉ ने कहा कि मैं एक इंसान हूं। मुझसे गलतियां होंगी। जाहिर है, बाहर जो कुछ भी लिखा या बोला जाता है, उन्हें उसका सिर्फ आधा ही पता होता है। मेरा परिवार मुझे जानता है। मेरे दोस्त मेरे बारे में सब कुछ जानते हैं। सोशल मीडिया या अखबारों में, जब भी मेरे बारे में अच्छी या बुरी बातें आती थीं, तो जाहिर है, मैं उन्हें समझने के लिए बहुत छोटा था। मैं अब हर चीज को समझने की कोशिश कर रहा हूं।
टीम में जगह बनाने के लिए शॉ को करनी होगी मेहनत
IPL 2026 में पृथ्वी शॉ को पहले मैच में खेलने का मौका मिलता है या नहीं ये देखने वाली बात होगी। दिल्ली के लिए केएल राहुल पारी का आगाज करेंगे, लेकिन उनके साथ दिल्ली का दूसरा ओपनर कौन होगा ये एक बड़ा सवाल है। वहां टीम के पास अभिषेक पोरेल, पथुम निसंका और पृथ्वी शॉ का विकल्प है। अब केएल राहुल के साथ वहां किसे ओपनिंग करने का मौका मिलता है ये देखना दिलचस्प होगा। आईपीएल 2026 में दिल्ली अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के साथ करेगी।
यह भी पढ़ें
कभी राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रहे, अब RCB के नए चेयरमैन बने आर्यमन बिड़ला
क्रुणाल पांड्या के नाम है IPL का ये खास रिकॉर्ड, दो फाइनल में कर चुके हैं गजब का कारनामा