ICC ODI Rankings: आईसीसी की रैंकिंग एक बार फिर से जारी कर दी गई है। हालांकि इस बार कोई ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। हां, इतना जरूर हुआ है कि भारत के केएल राहुल और ऑस्ट्रेलिया ट्रेविस हेड को फायदा हुआ है। हालांकि इसके बाद भी ये खिलाड़ी अभी टॉप 10 में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल का पहले नंबर पर कब्जा बरकरार
इस बार आईसीसी ने 24 अगस्त की अपडेट रैंकिंग जारी कर दी है। इसके टॉप 10 में इस दफा कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग अभी 784 की चल रही है। दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का कब्जा बरकरार है। उनकी रेटिंग 756 की है। पाकिस्तान के बाबर आजम अब तीसरे नंबर पर हैं। उनकी रेटिंग पहले की ही तरह 739 की है। वहीं विराट कोहली 736 की रेटिंग के साथ नंबर चार पर बने हुए हैं।
केएल राहुल और ट्रेविस हेड को एक एक स्थान का फायदा
अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान का कब्जा दसवें नंबर पर हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड एक स्थान के फायदे के साथ अब नंबर 11 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 669 की है। श्रीलंका के कुलस मेंडिस की रेटिंग भी 669 की ही है। यानी दोनों बराबरी पर हैं। बात अगर केएल राहुल की करें तो वे भी एक स्थान के फायदे के साथ नंबर 14 पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग फिलहाल 638 की चल रही है।
टी20 रैंकिंग में होगा बदलाव
इस बीच टीमें वनडे क्रिकेट ज्यादा नहीं खेल रही हैं, लेकिन टी20 क्रिकेट जारी है। अगले महीने यानी सितंबर की नौ तारीख से एशिया कप का आगाज होगा। इससे पहले भी टीमें अपनी तैयारी के लिए कहीं ना कहीं खेलती हुई नजर आएंगी। इससे टी20 की रैंकिंग में जरूर आने वाले वक्त में काफी बदलाव नजर आएगा।