ICC Rankings: T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ICC ने ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। ICC की ताजा वूमेन्स T20 रैंकिंग में जबरदस्त हलचल देखने को मिली है। साउथ अफ्रीका और भारत की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी छलांग लगाई है, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने बटोरी हैं, जिन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल कर नई ऊंचाई छू ली है।
भारत के खिलाफ सीरीज में छाईं वोल्वार्ड्ट
भारत के खिलाफ हालिया T20 सीरीज में वोल्वार्ड्ट ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच मैचों की सीरीज में एक बेहतरीन शतक और तीन अर्धशतक जड़ते हुए कुल 330 रन बनाए। उनके इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत साउथ अफ्रीका ने सीरीज 4-1 से अपने नाम की और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
इस प्रदर्शन का फायदा उन्हें ICC रैंकिंग में भी मिला, जहां वह दो स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं। वोल्वार्ड्ट (786 रेटिंग) अब दूसरे स्थान पर मौजूद बेथ मूनी से सिर्फ दो रेटिंग पॉइंट्स पीछे हैं। वहीं, नंबर-1 बल्लेबाज जॉर्जिया वोल से 29 पॉइंट्स पीछे हैं। वोल 815 पॉइंट्स के साथ T20I बैटिंग रैंकिंग में शीर्ष पर हैं।
खराब फॉर्म से दमदार वापसी
दिलचस्प बात यह है कि पिछले महीने ही वोल्वार्ड्ट ने अपने फॉर्म को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन अब उन्होंने शानदार वापसी कर अपनी लय साबित कर दी है। 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप से पहले उनका यह फॉर्म साउथ अफ्रीका के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में 2 भारतीय बल्लेबाजों को नुकसान हुआ है। स्मृति मंधाना पहले चौथे स्थान पर थी और अब वह एक स्थान नीचे खिसक गई हैं। शेफाली वर्मा भी 2 पायदान नीचे खिसककर 8वें स्थान पर चली गई हैं। वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 1 पायदान की छलांग लगाते हुए टॉप-10 में जगह बना ली है। इससे पहले हरमनप्रीत 11वें स्थान पर थी।
भारतीय खिलाड़ियों को भी फायदा
इस सीरीज के बाद भारत की युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी दो स्थान की छलांग लगाकर 22वां स्थान हासिल किया है। वहीं साउथ अफ्रीका की सुने लुस 6 पायदान ऊपर चढ़कर 29वें स्थान पर पहुंच गई हैं। T20 गेंदबाजों की रैंकिंग में पाकिस्तान की स्पिनर सादिया इकबालl अब भी शीर्ष पर बनी हुई हैं। भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और साउथ अफ्रीका की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं।
यह भी पढ़ें:
ऑरेंज कैप की जंग में विराट कोहली की धमाकेदार एंट्री, पर्पल कैप के लिए भुवनेश्वर कुमार ने मारी बाजी
वैभव सूर्यवंशी बन गए सिक्सर किंग, विराट कोहली ने कहां मारी बाजी