ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस और भी ज्यादा दिलचस्प होती जा रही है। सोमवार को आरसीबी की टीम ने कमाल का खेल दिखाते हुए दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर पर ही पटक दिया। इससे जहां ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली ने धमाकेदार एंट्री मारी है, वहीं पर्पल कैप की रेस में तो भुवनेश्वर कुमार पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
अब तक आईपीएल के इस सीजन अभिषेक शर्मा ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
आईपीएल में इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा हैं। जिन्होंने 8 मुकाबले खेलकर 380 रन बना लिए हैं। उनके नाम एक शतक और 5 अर्धशतक अब तक आ गए हैं। केएल राहुल इस वक्त दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आठ मैच खेलकर 358 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाने में कामयाबी हासिल की है।
वैभव सूर्यवंशी नंबर तीन पर, विराट कोहली चौथे पर पहुंचे
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बात की जाए तो उन्होंने 8 मैच खेलकर 357 रन बनाए हैं। वैभव ने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। विराट कोहली इस बीच छलांग लगाकर नंबर 4 पर पहुंच गए हैं। उन्होंने आठ मैच खेलकर 351 रन पूरे कर लिए हैं। कोहली के नाम शतक तो नहीं है, लेकिन तीन अर्धशतक उन्होंने जरूर ठोके हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए एक बेहद छोटे मैच में कोहली ने 15 बॉल पर 23 रन बना दिए। रन कम थे, नहीं तो वे और भी रन बनाकर आगे जा सकते थे। कोहली ने एक चौका और दो छक्के लगाए, साथ ही नाबाद भी लौटे।
पर्पल कैप पर भुवनेश्वर कुमार ने जमाया कब्जा
अब बात अगर पर्पल कैप की करें तो यहां पर तो और भी दिलचस्प टक्कर हो रही है। आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार, सीएसके के अंशुल कम्बोज और एसआरएच के ईशान मलिंगा के नाम बराबर विकेट हैं। इन तीनों ने अब 14 विकेट चटकाए हैं, लेकिन बेहतर इकॉनमी के कारण ये कैप अभी भुवनेश्वर कुमार के सिर पर सजी है। अंशुल कम्बोज दूसरे और ईशान मलिंगा तीसरे नंबर पर हैं। जोफ्रा आर्चर, प्रिंस यादव और कगिसो रबाडा ने 13 विकेट झटके हैं। इनमें से कोई भी गेंदबाज जल्द पर्पल कैप अपने नाम कर सकता है।
यह भी पढ़ें
Team India Schedule: मई में 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी भारतीय टीम, नोट कीजिए पूरा शेड्यूल
DC vs RCB: दोनों टीमों ने मिलकर रच दिया इतिहास, टूटा 11 साल पुराना कीर्तिमान