1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC Rankings : रोहित से आगे निकले जायसवाल, जो रूट का फायदा और बाबर आजम को नुकसान

ICC Rankings : रोहित से आगे निकले जायसवाल, जो रूट का फायदा और बाबर आजम को नुकसान

 Published : Feb 28, 2024 02:00 pm IST,  Updated : Feb 28, 2024 04:45 pm IST

आईसीसी की ओर से नई टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी गई है, इसमें कई सारे बड़े उलटफेर नजर आ रहे हैं। खास तौर पर यशस्वी जायसवाल ने एक और नया मुकाम हासिल कर लिया है।

yashasvi jaiswal rohit sharma- India TV Hindi
रोहित से आगे निकले जायसवाल, जो रूट का फायदा और बाबर आजम को नुकसान Image Source : GETTY

ICC Test Rankings Yashasvi Jaiswal : भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए सीरीज के चौथे टेस्ट के बाद आईसीसी की ओर से नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। इसमें खास बात ये है कि भारत के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को फिर से फायदा हुआ है, उन्होंने अपने कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है, वे जल्द ही टॉप 10 में एंट्री करने के बिल्कुल मुहाने पर खड़े हैं। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के बाबर आजम को नुकसान हुआ है। भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट को इस बार फिर फायदा होता हुआ दिखाई दे रहा है। 

जो रूट को मिला शतक का फायदा, सीधे नंबर 3 पर पहुंचे 

आईसीसी ताजा टेस्ट रैंकिंग में न्यूजीलैंड के ​केन विलियमसन नंबर एक कुर्सी पर कब्जा जमाए हुए हैं। उनकी रेटिंग अब 893 की हो गई है। दूसरे नंबर पर स्टीव स्मिथ 818 की रेटिंग के साथ हैं। यानी टॉप 2 की रैंकिंग में इस बार कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट की पारी में जो शतक लगाया था, उसका फायदा उन्हें मिल रहा है। अब वे सीधे 2 स्थान की छलांग लगाकर सीधे नंबर 3 पर आ गए हैं। उनकी रेटिंग 799 की हो गई है, जो इससे पहले 766 की थी। 

डेरिल मिचेल और बाबर आजम को नुकसान 

जो रूट के आगे जाने का नुकसान न्यूजीलैंड के ​डेरिल मिचेल और पाकिस्तान के बाबर आजम को हुआ है। मिचेल 780 की रेटिंग के साथ एक स्थान के नुकसान से नंबर 4 और बाबर आजम 768 की रेटिंग के साथ नंबर 5 पर पहुंच गए हैं। बाबर को भी एक स्थान नीचे जाना पड़ा है। उस्मान ख्वाजा नंबर 6 पर हैं। श्रीलंका के दमुथ करुणारत्ने को एक स्थान का फायदा हुआ है, वे 750 की रेटिंग के साथ नंबर सात पर आ गए हैं। मार्नस लाबुशेन को भी दो स्थानों का फायदा हुआ है। वे 746 की रेटिंग और दो स्थानों की छलांग लगाकर सीधे नंबर 8 पर पहुंचने में कामयाब रहे हैं। भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली और इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को दो दो स्थानों का नुकसान हुआ है। विराट कोहली अब 744 की रेटिंग के साथ नंबर 9 और हैरी ब्रूक 743 की रेटिंग के साथ नंबर दस पर बने हुए हैं। 

यशस्वी जायसवाल 12वें स्थान पर पहुंचे 

इस बीच यशस्वी जायसवाल का कमाल जारी है। वे तीन स्थानों की छलांग लगाकर सीधे नंबर 12 पर पहुंच गए हैं। इतना ही नहीं वे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और रिषभ पंत से भी आगे निकलने में कामयाब हो गए हैं। इससे पहले जो रैंकिंग आई थी, उसमें जायसवाल 699 की रेटिंग के साथ 15वें स्थान पर थे, अब उनकी रेटिंग बढ़कर 727 की हो गई है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक स्थान के नुकसान के साथ 13वें और रिषभ पंत 14वें स्थान पर हैं। यशस्वी जायसवाल का बल्ला अगर सीरीज के आखिरी मैच में भी चला तो वे टॉप 10 में आने की क्षमता रखते हैं। अभी उनकी रेटिंग 727 की है और दसवें नंबर के बल्लेबाज की रेटिंग 743 की, यानी रेटिंग का ज्यादा अंतर नहीं है। देखना होगा कि आखिरी मैच में धर्मशाला के मैदान पर जायसवाल का बल्ला कैसा प्रदर्शन करता है। 

इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें 

53 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने की ओर यशस्वी जायसवाल, 120 रन बनाते ही भारतीय क्रिकेट में रच देंगे इतिहास

धर्मशाला टेस्ट में हो सकती है इस घातक खिलाड़ी की एंट्री, इंग्लैंड पर मंडराया खतरा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल