भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में 23 अक्टूबर को न्यूजीलैंड महिला टीम के खिलाफ हुए अहम मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियमानुसार 53 रनों से जीत हासिल करने के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। टीम इंडिया को इस मैच से पहले अपने पिछले तीन मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था, जिससे उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह काफी कठिन हो गई थी, ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ मैच करो या मरो की स्थिति वाला था, जिसमें भारतीय महिला टीम ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार खेल दिखाने के साथ कीवी महिला टीम को इस मैच में किसी भी तरह का कोई मौका नहीं दिया और जीत हासिल करने के साथ नॉकआउट दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। अब टीम इंडिया की सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ंत होगी इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका में से किसी एक से होगा सामना
आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला गुवाहटी के मैदान पर 29 सितंबर को खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच 30 सितंबर को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी में खेला जाएगा। टीम इंडिया टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच खेलने मैदान पर उतरेगी, जिसमें उसका सामना ऑस्ट्रेलिया या फिर साउथ अफ्रीका में से किसी एक टीम से होगा। अभी 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच में इंदौर के होल्कर स्टेडियम में मुकाबला खेला जाना है, इस मैच में जो भी टीम जीत हासिल करेगी वह प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच जाएगी, जिसमें उस टीम का सामना दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारतीय महिला टीम से होगा। अभी प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम 11 अंकों के साथ पहले नंबर पर काबिज है तो वहीं साउथ अफ्रीका की टीम 10 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में मिलेगा सेमीफाइनल से पहले तैयारी परखने का मौका
अभी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सेमीफाइनल मैच से पहले लीग स्टेज में एक और मुकाबला खेलना है, जिसमें उसका सामना बांग्लादेश की टीम से होगा। टीम इंडिया के पास इस मैच में सेमीफाइनल मुकाबले से पहले अपनी तैयारियों को परखने का बेहतर मौका मिलेगा। अभी तक टूर्नामेंट में भारतीय टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं दिखा है, ऐसे में सेमीफाइनल से पहले इन सभी विभागों में सुधार की कोशिश का ये आखिरी मौका होगा। टीम इंडिया को लीग स्टेज में बांग्लादेश के खिलाफ 26 अक्टूबर को अपना मैच खेलना है।
ये भी पढ़ें
क्या WC में ही टूट जाएगा बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड? भारत के धाकड़ बल्लेबाज के पास इतिहास रचने का मौका
कप्तान ने पूरी टीम को दिया जीत का श्रेय, इन 2 खिलाड़ियों की तारीफ में जमकर पढ़े कसीदे