पाकिस्तान की मुश्किलें इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में लगातार बढ़ती जा रही हैं। टीम पहले ही बड़े लक्ष्य के दबाव में है और अब उसके सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक का आगे खेलना भी मुश्किल नजर आ रहा है। इमाम की बाईं पिंडली में ग्रेड-1 टियर पाया गया है और उन्हें करीब 10 दिन आराम की सलाह दी गई है। हालांकि, उन्हें अभी आधिकारिक तौर पर टेस्ट से बाहर नहीं किया गया है। यही नहीं, इमाम पाकिस्तान की दूसरी पारी में ओपनिंग करने भी नहीं उतरे। उनकी जगह शान मसूद ओपनर अजान ओवैस के साथ पारी का आगाज करने उतरे।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ट के पहले दिन स्टंप्स के बाद इमाम को स्कैन के लिए ले जाया गया था। जांच में उनकी चोट की गंभीरता सामने आई। पहले दिन टी-ब्रेक के बाद वह मैदान पर नहीं उतरे और उनकी जगह सलमान अली आगा ने बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डिंग की। इसके बाद इमाम दूसरी पारी में भी मैदान पर नहीं लौटे।
लॉर्ड्स में पाकिस्तान की हालत खस्ता
दूसरे दिन पाकिस्तान की पहली पारी में इमाम बल्लेबाजी के लिए भी नहीं आए। इंग्लैंड के 290 रन के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम महज 110 रन पर ढेर हो गई। इमाम की गैरमौजूदगी में टीम को बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ा।दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने कहा था कि इमाम की मैच में आगे भागीदारी उनकी बाईं पिंडली की चोट के इलाज और रिकवरी पर निर्भर करेगी। तीसरे दिन के खेल के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद अली से जब इमाम की स्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेडिकल पैनल ही इस बारे में बेहतर जानकारी दे सकता है।
चौथे दिन मैदान पर लौटने की इमाम ने कोशिश जरूर की। उन्होंने मैच शुरू होने से पहले कुछ हल्की थ्रोडाउन का सामना किया, लेकिन उनकी बाईं पिंडली पर मोटी पट्टी बंधी हुई थी। बल्लेबाजी के दौरान उनके मूवमेंट में परेशानी साफ दिखाई दी। कुछ देर बाद वह लंगड़ाते हुए वापस लौट गए और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य उनके साथ नजर आए।
दूसरी पारी में भी खेलना संदिग्ध
इमाम को यह चोट सीरीज के पहले टेस्ट में हेडिंग्ले के मुकाबले के दौरान भी परेशान कर रही थी। उस मैच में पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हार मिली थी। पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान मेडिकल टीम को उनकी मदद के लिए मैदान पर आना पड़ा था। इमाम ने 42 रन की पारी खेली और अब्दुल्लाह शफीक के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की, लेकिन इसके बाद पाकिस्तान की पारी 171 रन पर सिमट गई। लॉर्ड्स टेस्ट में इमाम का दूसरी पारी में भी खेलना मुश्किल लग रहा है। पाकिस्तान के सामने सीरीज बराबर करने के लिए बड़ी चुनौती है, क्योंकि इंग्लैंड ने मेहमान टीम को 389 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया है। ऐसे में टीम को अपने प्रमुख बल्लेबाजों की जरूरत है और इमाम की चोट उसकी परेशानी बढ़ाने वाली है।
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से अहम है, हालांकि मौजूदा स्थिति में दोनों टीमों के लिए फाइनल की दौड़ में पहुंचना आसान नहीं है। दोनों ही टीमें बदलाव के दौर से गुजर रही हैं। पाकिस्तान की कप्तानी बाबर आजम के हाथों में है, जबकि इंग्लैंड की टीम में जो रूट की कप्तानी में वापसी हुई है।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी को बीच मैच में मिली कप्तानी, ईस्ट जोन के कप्तान चोटिल होकर मैदान से गए बाहर