भारत और अफगानिस्तान के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबलों को जीतने के साथ टीम इंडिया पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है तो वहीं अब उनकी नजरें तीसरे मुकाबले को भी जीतने के साथ क्लीन स्वीप करने पर रहने वाली हैं। ऐसे में सभी की चेन्नई के मौसम को लेकर भी टकटकी लगी हुई जिसमें बारिश के विलेन की भूमिका ना निभा दे। मुकाबले की शुरुआत होने के दौरान बारिश होने की संभावना काफी ज्यादा जताई गई है जो शाम होने तक कम हो जाएगी। इस सीरीज का पहला मैच धर्मशाला के स्टेडियम में खेला गया था जिसमें भी बारिश के चलते मुकाबला 25-25 ओवर्स का खेला गया था। ऐसे में यदि चेन्नई वनडे मैच में बारिश आती है तो ओवर्स में कटौती की जा सकती है।
दोपहर के समय 50 फीसदी है बारिश की संभावना
तीसरे वनडे मैच के दौरान चेन्नई के मौसम को लेकर बात की जाए तो 20 जून को यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा जिसमें टॉस एक बजे होगा। ऐसे में इस दौरान एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार आसमान में काफी ज्यादा बादल रह सकते हैं और बारिश होने की संभावना 50 फीसदी तक है। वहीं शाम के समय बारिश होने की संभावना में गिरावट देखने को मिलेगी जिसमें ये 33 फीसदी के करीब पहुंच जाएगी। वहीं मुकाबले के दौरान चेन्नई के तापमान को लेकर बात की जाए तो वह 33 से 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है तो वहीं हवा की रफ्तार करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। वहीं खिलाड़ियों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है।
चेन्नई में टीम इंडिया का रहा अब तक शानदार रिकॉर्ड
भारतीय टीम का वनडे फॉर्मेट में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह अब तक काफी बेहतर देखने को मिला है। टीम इंडिया ने इस स्टेडियम में साल 1987 में पहला वनडे मुकाबला खेला था जिसके बाद से अब तक यहां पर उन्होंने कुल 15 मुकाबले खेले हैं और उसमें से 8 में जहां उनको जीत हासिल हुई है तो वहीं 6 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला रद्द रहा था। ऐसे में भारतीय टीम की कोशिश अपने इसी शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने पर भी रहने वाली है।
ये भी पढ़ें
ऋषभ पंत की होगी दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, IPL 2027 में LSG से खेलते हुए दिखेंगे कुलदीप यादव