धर्मशाला के स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और अफगानिस्तान के बीच में तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम 25-25 ओवर्स के इस मैच में 24.5 ओवर्स में 194 रनों के स्कोर सिमट गई। अफगानिस्तान को इस स्कोर तक पहुंचाने में उनके स्टार ओपनिंग बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज ने अहम भूमिका निभाई जिसमें उन्होंने सिर्फ 51 गेंदों में 102 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। गुरबाज ने इस मैच में अपना शतक सिर्फ 48 गेंदों में पूरा कर लिया था, जिसके साथ अब वह वनडे में भारतीय टीम के खिलाफ 50 या उससे कम गेंदों में शतक लगाने वाले शाहिद अफरीदी के बाद सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं गुरबाज के शतक के पीछे टीम इंडिया की एक गलती भारी पड़ गई जिसमें उन्होंने सही समय पर डीआरएस नहीं लिया।
11 रन पर ही पवेलियन लौट जाते गुरबाज
भारतीय टीम के खिलाफ रहमनुल्लाह गुरबाज बल्लेबाजी के दौरान जब 11 के निजी स्कोर पर थे पारी के तीसरे ओवर में जो अर्शदीप सिंह फेंक रहे थे उसकी पांचवीं गेंद पर एलबीडब्ल्यू की अपील हुई थी, जिसे फील्ड अंपायर ने नकार दिया। अर्शदीप सिंह जो अपनी इस अपील को लेकर काफी आत्मविश्वास दिखा रहे थे उन्होंने कप्तान शुभमन गिल को डीआरएस लेने के लिए बोला लेकिन इसी बीच रोहित शर्मा जो स्लिप में फील्डिंग कर रहे थे उन्होंने गिल को इशारा किया कि बल्ले का अंदरूनी किनारा लगा है, जिसके बाद डीआरएस नहीं लेने का फैसला लिया गया। इसके बाद जब इस गेंद का रिप्ले दिखाया गया तो गुरबाज के बल्ले का किनारा नहीं लगा था और गेंद लेग स्टंप के ऊपर की तरफ लग रही थी। ऐसे में टीम इंडिया को ये गलती जरूर भारी पड़ गई। वनडे में अब गुरबाज जहां भारतीय टीम के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतकीय पारी खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं तो वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर पर पाकिस्तानी टीम के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी का नाम है जिन्होंने साल 2005 में कानपुर में खेले गए वनडे मुकाबले में 45 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी।
वनडे में टीम इंडिया के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतकीय पारी खेलने वाले खिलाड़ी
- शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान) - 45 गेंदें (कानपुर, साल 2005)
- रहमनुल्लाह गुरबाज (अफगानिस्तान) - 48 गेंदें (धर्मशाला, साल 2026)
- जेम्स फॉक्नर (ऑस्ट्रेलिया) - 57 गेंदें (बेंगलुरु, साल 2013)
- एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका) - 57 गेंदें (मुंबई, साल 2015)
- माइकल ब्रेसवेस (न्यूजीलैंड) - 57 गेंदें (हैदराबाद, साल 2023)
गुरबाज ने चकनाचूर किया 16 साल पुराना रिकॉर्ड
रहमनुल्लाह गुरबाज जहां अब वनडे में अफगानिस्तान की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं तो वनडे फॉर्मेट में वह भारतीय टीम के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतकीय पारी खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। रहमनुल्लाह गुरबाज ने मोहम्मद शहजाद का रिकॉर्ड तोड़ा है जिसमें उनके नाम पहले वनडे फॉर्मेट में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने का कीर्तिमान दर्ज था। शहजाद ने साल 2010 में स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में 72 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी। गुरबाज ने अपनी 102 रनों की आक्रामक शतकीय पारी में 8 चौके के साथ 8 छक्के भी लगाए।
अफगानिस्तान के लिए वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी
- रहमनुल्लाह गुरबाज - 48 गेंदें बनाम भारत (धर्मशाला, साल 2026)
- मोहम्मद शहजाद - 72 गेंदें बनाम स्कॉटलैंड (अलोवे, साल 2010)
- करीम सादिक - 72 गेंदें बनाम नीदरलैंड्स (शारजाह, साल 2012)
- नवरोज मंगल - 85 गेंदें बनाम स्कॉटलैंड (शारजाह, साल 2013)
- मोहम्मद शहजाद - 85 गेंदें बनाम आयरलैंड (बेसफास्ट, साल 2019)
ये भी पढ़ें