1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS: धोनी का 16 साल पुराना महारिकॉर्ड नेस्तानाबूत, नीतीश रेड्डी ने रच दिया नया कीर्तिमान

IND vs AUS: धोनी का 16 साल पुराना महारिकॉर्ड नेस्तानाबूत, नीतीश रेड्डी ने रच दिया नया कीर्तिमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 28, 2024 04:24 pm IST,  Updated : Dec 28, 2024 04:24 pm IST

Nitish kumar Reddy Century: नीतीश कुमार रेड्डी ने मेलबर्न टेस्ट के तीसरे दिन ऐतिहासिक शतक जड़ते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। रेड्डी 105 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Nitish Kumar Reddy and MS Dhoni - India TV Hindi
नीतीश रेड्डी और एमएस धोनी Image Source : GETTY

IND vs AUS: मेलबर्न में खेला जा रहा बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच पहले 2 दिन ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में जाता नजर आया लेकिन तीसरे दिन एक अलग ही तस्वीर नजर आई। भारत के होनहार युवा खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी ने शानदार शतक जड़ टीम इंडिया को संकट से उबारा। नीतीश रेड्डी उस वक्त बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में आए जब टीम इंडिया के 6 बल्लेबाज 191 रन पर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद झारूपन की मिसाल पेश करते हुए नीतीश ने वॉशिंगटन सुंदर (50 रन) के साथ 127 रन की अहम साझेदारी की जो भारत के लिये निर्णायक मोड़ रही। सुंदर भले ही अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौट गए लेकिन नीतीश रेड्डी ने एक छोर संभाले रखा और दिन का खेल खत्म होने से पहले अपना पहला टेस्ट शतक पूरा करते हुए टीम इंडिया के फैंस को जश्न मनाने का शानदार मौका दे दिया। 

नीतीश रेड्डी का बड़ा कमाल

नीतीश 99 रन पर खेल रहे थे जब जसप्रीत बुमराह पवेलियन लौट गए। इस समय रेड्डी और आखिरी बल्लेबाज मोहम्मद सिराज क्रीज पर थे। सिराज के आने पर दर्शकों ने फिर उनकी हूटिंग की लेकिन उन्होंने मेजबान कप्तान पैट कमिंस की तीन गेंद संभलकर खेली। हर गेंद के बाद रेड्डी और दीर्घा में बैठे उनके पिता के चेहरे के भाव बदल रहे थे लेकिन सिराज ने तीन गेंद संभलकर खेली और रेड्डी को वह पल दिया जिसका सपना वह हजारों बार देख चुके थे। स्कॉट बोलैंड को सीधे चौका लगाकर रेड्डी ने अपना शतक पूरा किया और घुटने के बल बैठकर बल्ले पर हेलमेट रखकर भारतीय डगआउट के प्रति आभार व्यक्त किया। इस शतक के साथ ही रेड्डी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का महान कीर्तिमान चकनाचूर कर दिया।

धोनी का रिकॉर्ड हुआ चनकनाचूर

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धोनी के नाम टेस्ट में नंबर 8 पर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज था। धोनी ने 16 साल पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2008 में मोहाली टेस्ट में नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए 92 रनों की पारी खेली थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16 साल से धोनी का ये रिकॉर्ड नंबर-8 पर कायम था जो अब नीतीश रेड्डी ने अपने नाम कर लिया है।  तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर रेड्डी 105 और मोहम्मद सिराज दो रन बनाकर खेल रहे थे। अब चौथे दिन रेड्डी के पास रिद्धिमान साहा का सबसे बड़े स्कोर को पीछे छोड़ने का मौका होगा। 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नंबर 8 पर सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 

  • 117 - रिद्धिमान साहा - रांची, 2017
  • 105* - नितीश कुमार रेड्डी - मेलबर्न, 2024
  • 92 - महेंद्र सिंह धोनी - मोहाली, 2008
  • 87 - अनिल कुंबले - एडिलेड, 2008
  • 83 - कपिल देव - चेन्नई, 1979

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल