भारतीय क्रिकेट टीम ने पांचवां टेस्ट मुकाबला 6 रनों से अपने नाम कर लिया और इसी के साथ सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली। मैच इतना रोमांचक हुआ कि आखिरी समय तक यह तय नहीं था कि दोनों टीमों में से कौन ये मैच जीतेगा। करीबी मुकाबले में अंत में बाजी भारतीय टीम के हाथ लगी। मैच में एक खास वजह से इंग्लैंड की हार का अंतर 6 रन से कम हो सकता था। आइए जानते हैं, कैसे?
अंपायर अहसान रजा ने दिया था आउट
पांचवें टेस्ट मैच में पांचवें दिन इंग्लैंड को जीतने के लिए 35 रनों की आवश्यकता थी और भारत को जीतने के लिए 4 विकेट की जरूरत थी। मैच इतना कांटेदार हो गया कि अंपायर्स पर भी दबाव साफ देखा जा सकता था। इंग्लैंड के खिलाफ पारी का 81वां ओवर प्रसिद्ध कृष्णा ने फेंका। इस ओवर की चौथी गेंद जोस टंग ने खेली। यह एक लेंथ गेंद थी, जो उनके घुटने के ऊपरी हिस्से पर लगी और टंग तुरंत रन के लिए भाग पड़े। उन्होंने रन पूरा भी कर लिया था, लेकिन अंपायर अहसान रजा ने उन्हें LBW आउट दिया।
इसके बाद जोस टंग ने रिव्यू ले लिया। बाद में रिव्यू देखने पर पता चला कि गेंद साइड में जाती और थोड़ा ऊपर भी रहती है। इसी वजह से वह LBW आउट नहीं थे। फिर थर्ड अंपायर ने टंग को नॉट आउट दिया। लेकिन टंग और गस एटकिंसन ने जो रन लिया था। वह माना नहीं गया, क्योंकि अंपायर की अंगुली उठते ही गेंद डेड हो गई और रन की गिनती बंद हो गई।
मैदानी अंपायर के फैसले के बाद गेंद हो जाती है डेड
आईसीसी के नियम के मुताबिक रिव्यू के बाद अगर आउट के फैसले को नॉटआउट में बदला जाता है या फिर नॉट आउट के फैसले को आउट में बदला जाता है, तो भी गेंद को फैसले के समय डेड माना जाता है। इसके बाद उस गेंद पर बनाए गए रन भी नहीं माने जाते हैं। बस आउट और नॉट आउट का फैसला बदल जाता है। इसी वजह से टंग को नॉटआउट तो दिया गया, लेकिन उस गेंद के रन नहीं माने गए।
सिराज ने भारत को दिलाई जीत
अगर अंपायर अहसान रजा पहले से ही जोस टंग को नॉट आउट देते तो भी इससे नतीजे पर ज्यादा फर्क पड़ने की उम्मीद नहीं थी। हां हार का अंतर जरूर कुछ कम हो सकता था। भारतीय टीम ने बाद में जोस टंग को पवेलियन की राह दिखाई और मैच भी जीता। मोहम्मद सिराज ने अपनी घातक गेंदबाजी से टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मैच में कुल 9 विकेट अपने नाम किए। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला।
यह भी पढ़ें:
भारतीय खिलाड़ी ने इंग्लैंड में तोड़ा 'भरोसा', अगली सीरीज में जगह मिलना मुश्किल; लटकी तलवार
Asia Cup 2025 के लिए प्रीलिमिनरी स्क्वाड का ऐलान, इन 25 प्लेयर्स को मिली जगह; ये खिलाड़ी बना कप्तान