Highlights
- लॉर्ड्स में आज भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वन डे मैच
- भारतीय पेस बैटरी से करना होगा इंग्लैंड को मुकाबला
- भारतीय टीम मैच को जीतते ही सीरीज करेगी अपने नाम
IND Vs ENG 2nd ODI Match : भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही सीरीज में आज दूसरा वन डे मैच खेला जाएगा। इंग्लैंड की टीम पहला मैच हार चुकी है और अब दूसरे मैच की बारी है। इंग्लैंड पर इस बीच एक और सीरीज हार का खतरा मंडराने लगा है। पहले मैच में जिस तरह से इंग्लैंड की टीम ने बल्लेबाजी की है, उसने टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता तो बढ़ा ही दी है। वहीं अगर टीम इंडिया की बात करें तो भारतीय टीम बुलंद हौसलों के साथ मैदान में उतरेगी और हर सूरत में इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने की कोशिश करेगी।
पहले मैच में इंग्लैंड ने की बहुत घटिया बल्लेबाजी
इस बीच इंग्लैंड के सामने सबसे बड़ी चुनौती ये है कि टीम ने पहले मैच में बहुत ही घटिया बल्लेबाजी की। एक वक्त ऐसा भी था जब इंग्लैंड की आधी टीम दस ओवर पूरे होते होते पवेलियन लौट चुकी थी और उस समय ही साफ हो गया था कि टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाएगी। टीम के लिए 100 का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल हो गया था। लेकिन किसी तरह टीम ने 110 तक अपना स्कोर पहुंचाया। टीम के चार टॉप के बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी का सामना करने की स्थिति में नहीं था। जब ये मोर्चो से हटाए गए तो रही सही कसर प्रसिद्ध कृष्णा ने पूरी कर दी।
बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजी भी नहीं हो सके प्रभावी
इंग्लैंड के सामने दिक्कत वाली बात ये भी है कि उनके बल्लेबाज तो नहीं ही चले, गेंदबाज भी कुछ करिश्मा करने में नाकाम रहे। इंग्लैंड ने भारत के सामने 111 रनों का टारगेट रखा था, जो बहुत छोटा तो नहीं था, लेकिन ऐसा भी नहीं था कि इंग्लैंड के गेंदबाज भारत का एक भी विकेट न गिरा पाएं। जिस पिच पर भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को ध्वस्त कर दिया, लेकिन उसी पिच पर इंग्लैंड के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर पाए। आज के मैच भी इंग्लैंड के सामने ये बड़ी चुनौती होने जा रही है।