KL Rahul Record: मैनचेस्टर में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। भारत के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने इस मैच में 11 रन बनाकर एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने इंग्लैंड में 1000 टेस्ट रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वह पांचवें भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर-विराट कोहली जैसे दिग्गजों की लिस्ट में अपना नाम शामिल कर लिया है।
इंग्लैंड में किस भारतीय खिलाड़ी के नाम है सबसे ज्यादा रन?
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो वहां सचिन तेंदुलकर का नाम टॉप पर है। तेंदुलकर ने अपने करियर में इंग्लैंड में 17 मैचों में 54.31 के औसत से 1575 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ का नाम है। द्रविड़ ने इंग्लैंड में 13 मैचों में 68.80 के औसत से 1376 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का नाम है। इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से 16 मैचों में 1152 रन आए थे।
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का नाम इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है। उन्होंने इंग्लैंड में 17 मैचों में 33.21 के औसत से 1096 रन बनाए थे। वहीं मैनचेस्टर में खेले जा रहे टेस्ट मैच में 11 रन बनाकर अब केएल राहुल ने भी इंग्लैंड में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इंग्लैंड में अब तक 13 मैचों में 1008 रन बनाए हैं। उनके रनों के संख्या में अभी और भी इजाफा देखने को मिलने वाला है। उनके पास अब इस लिस्ट में विराट कोहली से आगे निकलने का मौका होगा।
इंग्लैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय
- सचिन तेंदुलकर: 1575 रन
- राहुल द्रविड़: 1376 रन
- सुनील गावस्कर: 1152 रन
- विराट कोहली: 1096 रन
- केएल राहुल: 1008* रन
IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट में पहले बल्लेबाजी कर रही है टीम इंडिया
मैनचेस्टर टेस्ट मैच की बात करें तो वहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है। उन्होंने चोटिल शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को मौका दिया है। वहीं भारत की प्लेइंग XI में 3 बदलाव हुए हैं। टीम इंडिया ने करुण नायर को बाहर करके साईं सुदर्शन को मौका दिया है। वहीं चोटिल प्लेयर्स नितीश रेड्डी और आकाश दीप की जगह शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें
IND vs ENG: मुकाबला शुरू होते ही अनोखा कमाल, जनवरी से खत्म नहीं हो रहा इंतजार
IND vs ENG: मैनचेस्टर में दोहराई गई 35 साल पुरानी कहानी, अंशुल कंबोज के डेब्यू करते ही हुआ ऐसा