भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथा टेस्ट खेला जाना है, जहां भारतीय टीम के सामने बड़ी चुनौती है। अगर टीम इंडिया यह मुकाबला हारती है, तो इंग्लैंड सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना लेगा और अंतिम मैच महज औपचारिकता बनकर रह जाएगा। ऐसे में भारतीय टीम किसी भी हाल में मैनचेस्टर टेस्ट जीतकर सीरीज को जिंदा रखना चाहेगी।
अब तक की सीरीज में भारत के कई बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया है, लेकिन कप्तान शुभमन गिल, ऋषभ पंत और केएल राहुल ने सबसे अधिक प्रभावित किया है। यह तीनों खिलाड़ी टॉप-5 रन स्कोरर की सूची में शामिल हैं। मैनचेस्टर टेस्ट में अगर इनका बल्ला चला, तो कई रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकते हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल से फैंस को काफी उम्मीदें हैं, जिन्होंने इस सीरीज में कई बार मुश्किल घड़ी में टीम इंडिया की पारी को संभालने का काम किया है। अब उनके पास बड़ा मुकाम हासिल करने का बेहतरीन मौका है।
दरअसल, केएल राहुल इंटरनेशनल क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने की दहलीज पर खड़े हैं। इसके लिए उन्हें 60 रन चाहिए। अगर वह मैनचेस्टर में ऐसा करने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह 9000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले 16वें भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे और सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों की क्लब में शामिल हो जाएंगे। बता दें, केएल अब तक 218 इंटरनेशनल मैचों में 8940 रन बना चुके हैं।
मौजूदा सीरीज में केएल राहुल जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 62.50 की औसत से 375 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं। अगर वे 19 रन और जोड़ते हैं, तो वे 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में बनाए गए 393 रनों के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। यही नहीं, वह इंग्लैंड में 1000 टेस्ट रन पूरे करने के काफी करीब हैं। अभी, उनके नाम इंग्लैंड में 12 टेस्ट में 41.20 की औसत से 989 रन हैं, जिसमें चार शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। अगर वह ओल्ड ट्रैफर्ड में 11 रन और बना लेते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर (1575 रन), राहुल द्रविड़ (1376 रन) और सुनील गावस्कर (1152 रन) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
संपादक की पसंद