Rishabh Pant Injury Update: टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट की वजह से इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। चौथे टेस्ट मैच में बैटिंग करते वक्त उनके दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिस वजह से वह अब सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस बीच ऋषभ पंत ने अपने चोट को लेकर चुप्पी तोड़ी है और साथ ही बताया है कि वह कब तक पूरी तरह से ठीक हो सकते हैं।
ऋषभ पंत ने अपने चोट को लेकर क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऋषभ पंत ने लिखा कि आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं। यह मेरे लिए वाकई ताकत का स्रोत रहा है। जब मेरा फ्रैक्चर ठीक हो जाएगा, तब मैं रिहैब शुरू करूंगा। मैं धीरे-धीरे इस प्रक्रिया में ढल रहा हूं। मैं सब्र के साथ अपना रूटीन फॉलो कर रहा हूं और अपना शत प्रतिशत दे रहा हूं। उन्होंने आगे कहा कि अपने देश के लिए खेलना हमेशा से मेरे जिंदगी का सबसे गौरवपूर्ण पल रहा है। मैं उस काम को फिर से करने के लिए बहुत बेताब हूं, जो मुझे पसंद है।
इंग्लैंड सीरीज में ऋषभ पंत ने बल्ले से किया बेहतरीन प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस सीरीज में उन्होंने चार मैचों की सात पारियों में 68.42 के औसत से 479 रन बनाए। लीड्स में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मैच की दोनों पारियों में ऋषभ पंत ने शतक लगाया था। पंत की गैर मौजूदगी में ध्रुव जुरेल अंतिम टेस्ट में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। पंत के रिप्लेसमेंट के रूप में एन जगदीशन को भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इस टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 2-1 से पीछे है। सीरीज का अंतिम और पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से शुरू होगा।
चौथे टेस्ट में ऋषभ पंत ने टूटे हुए पैर के साथ की बैटिंग
मैनचेस्टर में खेले गया चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था। इस मैच की पहली पारी में भारतीय टीम 358 रन बनाने में कामयाब रही थी। टीम इंडिया को उस स्कोर तक पहुंचाने में ऋषभ पंत का योगदान काफी अहम रहा था। पंत चोटिल होने के बाद अगले दिन फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे और मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में 54 रन बनाए थे। हालांकि दूसरी पारी में उनकी बैटिंग नहीं आई। कप्तान शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने शतक लगाकर मैच को ड्रॉ करवा दिया।
यह भी पढ़ें:
सिर्फ 21 रन, रवींद्र जडेजा के नाम हो जाएगा एक और रिकॉर्ड, छोड़ देंगे वीवीएस लक्ष्मण को पीछे
टीम इंडिया के लिए अब ड्रॉ ही जीत है, करीब एक साल में हो गई मिट्टी पलीद