1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पृथ्वी शॉ खेलेंगे आज का मैच! हार्दिक पांड्या को लेना होगा बड़ा रिस्क

पृथ्वी शॉ खेलेंगे आज का मैच! हार्दिक पांड्या को लेना होगा बड़ा रिस्क

 Published : Feb 01, 2023 04:58 pm IST,  Updated : Feb 01, 2023 05:00 pm IST

IND vs NZ 3rd T20I Match : नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में आज टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला होगा।

Prithvi Shaw- India TV Hindi
Prithvi Shaw Image Source : GETTY

IND vs NZ 3rd T20I Probable Playing XI Prithvi Shaw  : पृथ्वी शॉ, टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज। वैसे तो उनका नाम पिछले करीब एक साल से इंटरनेशनल लेवल पर ज्यादा सुनने के लिए नहीं मिला है, क्योंकि वे टीम इंडिया के लिए खेल ही नहीं रहे थे। पृथ्वी शॉ ने डोमेस्टिक क्रिकेट में इतने रन बना दिए कि बीसीसीआई के सेलेक्टर्स भी उन्हें चुनने के लिए मजबूर हो गए। हालांकि वापसी के बाद भी दो मैच हो चुके हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल पाई है। इस बीच आज के मैच को लेकर संभावना जताई जा रही है कि वे फिर से बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर खेलते हुए दिखाई देंगे। आज अगर पृथ्वी शॉ को मौका नहीं मिला तो उन्हें और लंबे इंतजार करना होगा। इस सीरीज के बाद टीम इंडिया चार टेस्ट खेलेगी, उसके बाद तीन वनडे मैच खेले जाएंगे और फिर आ जाएगा आईपीएल का मौसम। माना जा रहा है कि आईपीएल 2023 का सीजन अप्रैल से शुरू हो सकता है। खैर आईपीएल की बात बाद में, लेकिन सवाल पृथ्वी शॉ का है कि उन्हें आज मौका मिलेगा या नहीं। हार्दिक पांड्या अगर उन्हें खेलाते हैं तो ये एक रिस्की कॉल जरूर होगी। 

Shubman Gill
Image Source : APShubman Gill

इशान किशन और शुभमन गिल नहीं दे पाए हैं अब तक सीरीज में अच्छी शुरुआत 

न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी तक इस सीरीज के जो दो मैच खेले गए हैं, उसमें सलामी जोड़ी के तौर पर इशान किशन और शुभमन गिल को ही मौका मिला है। लेकिन इन दोनों में से किसी के भी बल्ले से किसी भी मैच में अब तक बड़ी पारी नहीं निकली है। पहले मैच में इशान किशन ने चार रन बनाए, वहीं शुभमन गिल के बल्ले से सात रन ही निकल पाए। इसके बाद दूसरे मैच में शुभमन गिल ने 11 और इशान किशन ने 19 रन की पारी खेली। यानी एक भी बार 20 रन से ज्यादा नहीं बने हैं, ये एक चिंता का​ विषय है। पहला मैच तो टीम इंडिया हार ही गई और दूसरे मैच में कप्तान हार्दिक पांड्या और उपकप्तान सूर्यकुमार यादव ने कमान संभाली तक जाकर टीम इंडिया 100 रन बना सकी और वो भी एक गेंद शेष रहते। इससे समझा जा सकता है कि इन दोनों की नाकामी कितनी भारी भारतीय टीम पर पड़ रही है। 

शुभमन गिल की जगह पृथ्वी शॉ को दिया जा सकता है मौका
अब सवाल पृथ्वी शॉ का। पृथ्वी शॉ को माना जा रहा है कि शुभमन गिल की जगह प्लेइंग इलवेन में शामिल किया जा सकता है। शुभमन गिल को इसलिए बाहर किया जा सकता है, क्योंकि वे नौ फरवरी से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे, इसलिए आराम मिल सकता है। साथ ही दोनों बल्लेबाज दाएं हाथ के हैं। वहीं इशान किशन विकेट कीपर बल्लेबाज हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन पृथ्वी शॉ के बारे में सभी जानते हैं कि अगर वे अपने मूड में हों और गेंद उनके बल्ले पर आ जाए तो वे अकेले ही विरोधी टीम पर भारी पड़ने के लिए काफी हैं। लेकिन अगर नहीं चले तो टीम इंडिया फिर से फंस सकती है। पृथ्वी शॉ के पहले मैच में भी ऐसा ही हुआ था, जब वे श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए उतरे थे। तब वे दो ही गेंद खेल पाए और ​बिना खाता खोले ही आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। यानी हार्दिक पांड्या और कोच राहुल द्रविड़ को एक टफ और रिस्की कॉल पृथ्वी शॉ को लेकर लेनी होगी। क्योंकि ये डिसाइडर मैच है, जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल