1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ Final: विराट कोहली के पास सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का मौका, 95 रन बनाते ही रच देंगे इतिहास

IND vs NZ Final: विराट कोहली के पास सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का मौका, 95 रन बनाते ही रच देंगे इतिहास

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Mar 07, 2025 11:05 am IST,  Updated : Mar 07, 2025 11:05 am IST

IND vs NZ: दुबई के मैदान पर 9 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में एकबार फिर से सभी की नजरें विराट कोहली पर टिकी रहने वाली हैं, जिनके पास सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका होगा।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड की टीम से होगी। दोनों टीमों के बीच 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खिताबी मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में न्यूजीलैंड की टीम को 44 रनों से मात दी थी। हालांकि इसके बावजूद टीम इंडिया फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को बिल्कुल भी हल्के में लेने की कोशिश नहीं करेगी। इस मुकाबले में एकबार फिर से सभी की नजरें अब तक चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली के प्रदर्शन पर टिकी रहने वाली हैं। कोहली भले ही ग्रुप स्टेज के मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके लेकिन इसके बावजूद वनडे में उनका कीवी टीम के खिलाफ रिकॉर्ड काफी बेहतर देखने को मिलता है। वहीं विराट कोहली के पास फाइनल मुकाबले में सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ने का मौका होगा।

विराट कोहली 95 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास

भारतीय टीम की तरफ न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर है, जिन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 42 वनडे मैचों की 41 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 46.05 के औसत से कुल 1750 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतकीय और 8 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। वहीं विराट कोहली अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 32 मैच खेल चुके हैं और उन्होंने 32 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 57.10 के औसत से 1656 रन बनाए हैं। ऐसे में कोहली यदि फाइनल मुकाबले में 95 रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो वह भारत की तरफ से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। कोहली अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतकीय और 9 अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी

  • सचिन तेंदुलकर - 1750 रन
  • विराट कोहली - 1656 रन
  • वीरेंद्र सहवाग - 1157 रन
  • मोहम्मद अजहरुद्दीन - 1118 रन
  • सौरव गांगुली - 1079 रन

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक 72 के औसत से बनाए हैं रन

विराट कोहली ने अब तक आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 4 मैचों में खेलते हुए 72.33 के औसत से 217 रन बनाए हैं, जिसमें उनके और रचिन रवींद्र के बीच इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में जबरदस्त जंग देखने को मिल रही है। रचिन अब तक 2 शतकीय पारियों के दम पर कुल 226 रन बनाने में कामयाब हुए हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में दोनों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। अभी इस लिस्ट में पहले नंबर पर इंग्लैंड के बेन डकेट हैं जिन्होंने 227 रन बनाए हैं।

ये भी पढ़ें

WPL 2025 Points Table: मुंबई इंडियंस प्लेऑफ के करीब, यूपी वॉरियर्स की कहानी खत्म

भारत के दिग्गज खिलाड़ी ने अचानक वापस लिया रिटायरमेंट, मार्च में फिर से खेलेगा मैच

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल