टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हुए एक महीने से अधिक का समय हो चुका है, जिसके बाद अब इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में आज यानी 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में चौथी बार फाइनल मुकाबला एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी जिसमें से दो बार न्यूजीलैंड की टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही है तो वहीं एक फाइनल मैच टीम इंडिया ने जीता है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें पहली बार फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही टीम इंडिया ने फाइनल तक का सफर तय करने में सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना किया है। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने जहां ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबलों में जीत हासिल की थी, तो वहीं इसके बाद सुपर-8 के पहले मुकाबले में उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को मात देने के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का किया था। इंग्लैंड के खिलाफ हुए सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया को जीत हासिल करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा, जिसमें वह इस मुकाबले को 7 रनों से जीतने में कामयाब रहे और फाइनल में एंट्री कर ली।
मिचेल सैंटनर की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही न्यूजीलैंड टीम का सफर थोड़ा अधिक उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला। ग्रुप स्टेज में कीवी टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए मुकाबले में अहमदाबाद के मैदान पर हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सुपर-8 में जहां पाकिस्तान के खिलाफ उनका मैच बारिश के चलते धुल गया तो वहीं इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले को वह जीतने में कामयाब रहे थे। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा था। कीवी टीम तीन के अंक होने के बाद पाकिस्तान के मुकाबले बेहतर नेट रनरेट के दम पर सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। कीवी टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका का सामना किया था, जिसमें वह एकतरफा जीत हासिल करने के साथ फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की करने में कामयाब रहे।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले की पिच को लेकर बात की जाए जिसकी चर्चा सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है, तो ये सेंटर पिच पर मुकाबला खेला जाएगा। काली और लाल मिट्टी के मिक्सचर से बनी ये पिच बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद रहने वाली है, जिसमें काफी रन बनते हुए देखने को मिल सकते हैं। इस पिच पर बेहतर बाउंस भी देखने को मिलेगा, जिससे शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाज थोड़ा कमाल दिखा सकते हैं। इस स्टेडियम में पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 170 से 175 रनों के बीच का देखने को मिला है।
भारतीय टीम - संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड टीम - फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन।
फाइनल मैच में जिन दो प्लेयर्स के प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं, वह न्यूजीलैंड टीम के ओपनिंग बल्लेबाज फिन एलन तो वहीं भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं। फिन एलन का साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में बल्ले से धमाकेदार अंदाज देखने को मिला था, जिसमें वह सेंचुरी लगाने में कामयाब हुए थे और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया था। जसप्रीत बुमराह को लेकर बात की जाए तो इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की जीत में अपनी गेंदबाजी से अहम भूमिका अदा की थी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच में आज के फाइनल मुकाबले को जीतने वाली टीम का अनुमान लगाया जाए तो उसमें टॉस पर काफी कुछ निर्भर करने वाला है। इस मैदान पर अभी तक पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का पलड़ा भारी दिखा है, लेकिन इसके लिए उन्हें बल्लेबाजी के लिए मुफीद पिच पर 200 प्लस स्कोर बनाना होगा। वहीं आंकड़ों को देखा जाए तो उसमें भारतीय टीम की जीत की उम्मीद अधिक लग रही है, लेकिन न्यूजीलैंड को भी कम आंकने की गलती नहीं की जा सकती है।
ये भी पढ़ें
टीम इंडिया की नजरें तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने पर, जानें कब-कब किस टीम ने जीता है खिताब
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कैसा रहने वाला है अहमदाबाद की पिच का मिजाज, टॉस हो सकता है अहम
संपादक की पसंद