भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज में टीम इंडिया इस वक्त 3-1 से आगे है। अब इस सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच 31 जनवरी को तिरुअनंतपुरम के ग्रीन फिल्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के लिए दोनों टीमें तिरुअनंतपुरम पहुंच चुकी हैं। इस बीच टीम इंडिया के प्लेयर्स पांचवें टी20 मैच से पहले तिरुवनंतपुरम के श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में पहुंचे थे। इस दौरान वहां टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव समेत कई खिलाड़ी मौजूद थे।
पद्मनाभस्वामी मंदिर पहुंचे कप्तान समेत कई खिलाड़ी
श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में खड़े होकर फोटो खिंचवाते टीम इंडिया के खिलाड़ियों का फोटो और वीडियो वायरल हो रहा है। फोटो में मंदिर के पुजारियों समेत भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। टीम इंडिया के प्लेयर्स को देखने के लिए वहां भारी संख्यां में फैंस पहुंचे थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर भारत सीरीज में 3-1 से आगे है। सीरीज का पांचवां टी20 शनिवार को शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस मैच में भी टीम इंडिया हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी।
चौथे टी20 मैच में मिली थी टीम इंडिया को हार
टी20 सीरीज का चौथा मैच विशाखापत्तनम में खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया को 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में कीवी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया 18.4 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। इससे पहले टीम इंडिया ने शुरुआती तीन मैचों में एकतरफा अंदाज में कीवी टीम को मात दी थी। अब इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों का प्रदर्शन कैसा रहता है वो देखना दिलचस्प होगा।
यूएसए से होगा टीम इंडिया का पहला मैच
इस सीरीज के बाद टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप में खेलती हुई नजर आएगी। इस बार टीम इंडिया अपना खिताब डिफेंड करने के इरादे से उतरेगी। 2024 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करके लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का पहला मैच 7 फरवरी को यूएसए से होगा।
यह भी पढ़ें
T20 World Cup के स्क्वॉड में हुआ बड़ा बदलाव, 27 साल के खिलाड़ी को मिली टीम में एंट्री
T20 World Cup 2026 में किन टीमों से होगा स्कॉटलैंड का सामना? यहां देखें टीम का फुल शेड्यूल