1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से ये क्या कर दिया? पाकिस्तान के खिलाफ जड़े इतने रन, सिर्फ 4 रन दौड़कर बनाए

वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से ये क्या कर दिया? पाकिस्तान के खिलाफ जड़े इतने रन, सिर्फ 4 रन दौड़कर बनाए

 Written By: Vanson Soral
 Published : Feb 01, 2026 02:35 pm IST,  Updated : Feb 01, 2026 02:40 pm IST

IND vs PAK, U19 World Cup 2026: U19 वर्ल्ड कप 2026 के आखिरी सुपर सिक्स मैच में सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज ने भारतीय पारी का आगाज किया।

Vaibhav Suryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : PTI

Vaibhav Suryavanshi: ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज ने अच्छी शुरुआत दी और 7 ओवर में 46 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। इसके बाद 8वें ओवर में गेंदबाजी करने आए मोहम्मद सैयाम ने अपने एक ही ओवर में 2 विकेट लेकर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी।

मोहम्मद सैयाम ने अपने ओवर की चौथी गेंद पर भारतीय टीम को बहुत बड़ा झटका दिया। वैभव सूर्यवंशी बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन चूक गए। इस तरह पाकिस्तान को बहुत बड़ी सफलता मिल गई। सैयाम ने बहुत ही चालाकी से वैभव को अपने जाल में फंसाया। सैयाम ने ओवर की दूसरी गेंद लेंथ बॉल फेंकी, जो डॉट बाल रही। इसके बाद शॉर्ट बॉल डाली, जिस पर वैभव कैच आउट होने के साथ-साथ रन आउट होने से बाल-बाल बचे।

पुल मारने की कोशिश में खोया विकेट

इस ओवर की अगली गेंद भी शॉर्ट रही, जिस पर सूर्यवंशी ने पुल करने की कोशिश की। इस गेंद में एक्स्ट्रा बाउंस था और बल्ले का हल्का किनारा लगा, जिसे विकेटकीपर हमजा जहूर ने आसानी से पकड़ लिया। इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी की पारी महज 30 रनों पर समाप्त हो गई। उन्होंने सिर्फ 4 रन दौड़कर बनाए। बाकी के 26 रन बाउंड्री से आए।  वैभव अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन एक गलती उनके विकेट पर भारी पड़ी। उन्होंने 22 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्के निकला।

एक ओवर में गिरे 2 बड़े विकेट

मोहम्मद सैयाम ने अपने इस ओवर में वैभव सूर्यवंशी के अलावा भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे का भी शिकार किया। म्हात्रे अपना खाता भी नहीं खोल पाए और सिर्फ 2 गेंदों का सामना करने के बाद पवेलियन लौट गए। इस तरह भारतीय टीम को 47 रन के स्कोर पर 2 बड़े झटके लग गए। विकेट गिरने का सिलसिला यही नहीं थमा। अगले ओवर में गेंदबाजी करने आए अब्दुल सुभान ने अपने ओवर की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज एरोन जॉर्ज को क्लीन बोल्ड करते हुए भारत को तीसरा बड़ा झटका दे दिया। एरोन ने 25 गेंदों पर 16 रन बनाए।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत U19 (प्लेइंग XI): एरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन।

पाकिस्तान U19 (प्लेइंग XI): हमजा जहूर (विकेटकीपर), समीर मिन्हास, उस्मान खान, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसन, अली हसन बलूच, अब्दुल सुभान, मोमिन कमर, मोहम्मद सय्याम, अली रजा।

यह भी पढ़ें

ईशान किशन का वर्ल्ड कप से पहले सामने आया बड़ा बयान, बताया किस चीज पर है अब सबसे ज्यादा ध्यान

पाकिस्तानी गेंदबाज बॉल फेंक रहा है कि थ्रो? ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का एक्शन को लेकर फूटा गुस्सा; देखें VIDEO

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल