Highlights
- केएल राहुल चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं
- राहुल ने पहली बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही टेस्ट और वनडे में कप्तानी की थी
- केएल राहुल के बाद ऋषभ पंत को टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर होना पड़ा है। इस सीरीज के लिए उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। लेकिन अंतिम समय में दाईं ग्रोइन की चोट के कारण उन्हें टीम से पूरी सीरीज के लिए बाहर होना पड़ा। इसके बाद पहली बार भारतीय क्रिकेटर ने प्रतिक्रिया दी और घरेलू सरजमीं पर पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत की अगुआई नहीं कर पाने पर निराशा भी जताई।
गौरतलब है कि मंगलवार को केएल राहुल की दाईं ग्रोइन में ट्रेनिंग सत्र के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस से कुछ वक्त पहले बीसीसीआई ने ट्वीट किया और उनके पूरी सीरीज से बाहर होने की जानकारी दी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच की पूर्व संध्या पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम इंडिया का कप्तान नियुक्त किया गया। राहुल ने पंत सहित पूरी भारतीय टीम को भी धन्यवाद कहा है।
'घर में अगुआई नहीं कर पाने से निराश हूं'
केएल राहुल ने बुधवार रात ट्वीट करके कहा, ‘‘इसे स्वीकार करना मुश्किल है लेकिन मैंने एक और चुनौती की शुरुआत की है। घरेलू सरजमीं पर पहली बार टीम की अगुआई नहीं कर पाने से निराश हूं लेकिन बाहर से साथी खिलाड़ियों का पूरा समर्थन करूंगा। सभी का मेरा समर्थन के लिए तहेदिल से धन्यवाद। ऋषभ और पूरी टीम को सीरीज के लिए शुभकामनाएं। जल्द ही मिलेंगे।’’ आपको बता दें कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा को आराम देने पर राहुल को टीम की कमान सौंपी गई थी।
एनसीए में जाएंगे केएल राहुल!
केएल राहुल हाल ही में संपन्न हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के दौरान अच्छी फॉर्म में थे। लेकिन अब चोट के बाद उन्हें बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) जाना होगा जहां चिकित्सा टीम उनकी चोट का आकलन करेगी और उपचार पर फैसला करेगी। राहुल के अलावा बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव भी मंगलवार को नेट पर गेंदबाजी करते हुए दाएं हाथ में चोट लगने के कारण साउथ अफ्रीका सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। राहुल की इस चोट के बाद आगामी इंग्लैंड दौरे पर भी उनके खेलने पर संशय बन गया है। हालांकि उनकी चोट कितनी गंभीर है अभी इस पर रिपोर्ट आना बाकी है।