1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA : T20 सीरीज से पहले बुरे फंसे कप्तान केएल राहुल!

IND vs SA : T20 सीरीज से पहले बुरे फंसे कप्तान केएल राहुल!

 Published : Jun 07, 2022 11:53 am IST,  Updated : Jun 07, 2022 11:56 am IST

सीरीज के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा को आराम दिया गया है, इसलिए कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल के कंधों पर सौंपी गई है।

KL Rahul- India TV Hindi
KL Rahul Image Source : TWITTER/@BCCI

Highlights

  • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का पहला मैच नौ जून को
  • दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा पहला टी20 मैच
  • भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन को लेकर इस वक्त जारी है मंथन

IND vs SA : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मैच नौ जून को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय ने प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है। सीरीज में जो भी खिलाड़ी चुने गए हैं, सभी दिल्ली कैंप में पहुंच गए हैं। इस बीच पहले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इसको लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं। सीरीज के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा को आराम दिया गया है, इसलिए कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल के कंधों पर सौंपी गई है। लेकिन सीरीज का पहला मैच शुरू हो, उससे पहले ही टीम के कप्तान केएल राहुल और हेड कोच राहुल द्रविड़ बुरे फंसे हुए हैं। सीरीज के पहले मैच में प्लेइंग इलेवन क्या होगी, ये अभी तक साफ नहीं है। 

सीरीज के लिए चुने गए हैं तीन ओपनर

दरअसल सीरीज के लिए सेलेक्टर्स ने तीन ओपनर चुने हैं। खुद कप्तान केएल राहुल, ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड़। अब ये तीनों खेलेंगे, ये तो कहीं से भी संभव नजर नहीं आता, लेकिन तीन में से बाहर कौन होगा। कप्तान तो खेलेंगे ही, यानी ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ेगा। रुतुराज गायकवाड और ईशान किशन की बात करें तो दोनों के लिए आईपीएल का सीजन कुछ खास नहीं गया है। ईशान किशन ने मुंबई इंडियंस की ओर से 14 मैचों में 418 रन बनाए हैं। वहीं रुतुराज गायकवाड़ ने 14 मैचों में 368 रन बनाए हैं। दोनों का प्रदर्शन करीब करीब एक ही जैसा है। ऐसे में प्लेइंग इलेवन को लेकर मामला फंसा हुआ सा नजर आ रहा है। 

रिषभ पंत, दिनेश कार्तिक और ईशान किशन तीन विकेट कीपर बल्लेबाज
वैसे एक बात और है। रिषभ पंत तो इस सीरीज के लगभग सभी मैच खेलेंगे ही। अगर पंत टीम में होंगे तो विकेट कीपिंग भी वही करेंगे। ऐसे में दूसरे विकेट कीपर की जरूरत क्या है। वहीं सीरीज के लिए सेलेक्टर्स ने दिनेश कार्तिक को भी चुना है। दिनेश् कार्तिक भी विकेट कीपिंग कर ही सकते हैं। वैसे भी दिनेश कार्तिक की करीब तीन साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है। सेलेक्टर्स चाहते हैं कि दिनेश कार्तिक ने जिस तरह से आईपीएल 2022 में आरसीबी के लिए फिनिशर की भूमिका निभाई है, उसी तरह से वे टीम इंडिया के लिए भी करके दिखाएं। इसी साल आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप की टीम में वे फिट ​बैठेंगे या नहीं, इसका फैसला इसी सीरीज से होने की पूरी संभावना है। ऐसे में इतना तो पक्का नजर आ रहा है कि वे पहले मैच में खेलें या न खेलें, लेकिन दो तीन मैच तो जरूर खेलेंगे ही। इस तरह से तीन विकेटकीपर एक साथ खेलेंगे, ऐसा भी होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। देखना होगा कि मैच के दिन यानी नौ जून को जब कप्तान केएल राहुल टॉस के लिए मैदान पर आएंगे तो प्लेइंग इलेवन के बारे में क्या बताएंगे। 

सीरीज के लिए पूरी टीम इंडिया 
केएल राहुल (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल