आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होगा, जिसको लेकर टीम इंडिया के पास अब अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अधिक समय नहीं है। भारतीय महिला टीम अभी 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जिसमें अब तक खेले गए दो टी20 मैचों में टीम इंडिया का काफी निराशाजनक प्रदर्शन देखने को मिला है, जहां उन्होंने दोनों ही मुकाबलों में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जाने वाले इस सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया के सामने करो या मरो की स्थिति है। इसी वजह से सभी की नजरें इस मैच को लेकर टिकी हुई हैं।
वांडरर्स स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाजों का चल सकता है सिक्का
भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीम के बीच में इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेले गए थे, वहीं अब तीसरा मैच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां की पिच को लेकर बात की जाए तो अब तक बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है, हालांकि शाम के समय होने वाले इस मैच में गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिल सकती है। ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। वांडरर्स स्टेडियम में अभी तक के टी20 रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें कुल 28 मुकाबले खेले गए हैं और उसमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 15 मैचों को जीतने में कामयाब रही है तो वहीं 13 मैचों में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने मुकाबले को अपने नाम करने में कामयाब रही है। यहां पर पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 170 रनों के करीब का देखने को मिलता है।
स्मृति मंधाना पर रहेगी सभी की नजरें
अफ्रीकी महिला टीम के खिलाफ इस टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में टीम इंडिया की हार का बड़ा कारण बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन रहा है, जिसमें स्टार ओपनिंग खिलाड़ी स्मृति मंधाना इन दोनों ही मैचों में बल्ले से कोई खास कमाल करने में कामयाब नहीं हो सकी, ऐसे में तीसरे मुकाबले में उनपर सभी की नजरें रहने वाली हैं। दूसरे टी20 मैच में शैफाली वर्मा ने जरूर अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन इसके अलावा कोई दूसरा खिलाड़ी कुछ खास योगदान देता नहीं दिखा। भारतीय महिला टीम का अभी तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड बेहतर ही देखने को मिला है, जिसमें 21 मुकाबलों में उन्होंने 10 जीते हैं तो वहीं 8 में हार का सामना किया है। इसके अलावा 3 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल सका।
ये भी पढ़ें
IND-W vs SA-W LIVE: आज शाम कैसे देख पाएंगे लाइव मुकाबला, वक्त नोट कीजिए नहीं तो छूट जाएगा मैच
ODI विश्व कप 2011 क्यों नहीं खेल पाए रोहित शर्मा, खुद सिलेक्टर ने कर दिया बड़ा खुलासा