भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम एकतरफ जहां आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर रवाना हो चुकी है तो वहीं आगामी टेस्ट सीजन को ध्यान में रखते हुए इंडिया-ए टीम 2 अनऑफिशियल टेस्ट मुकाबले खेलने के लिए श्रीलंका के दौरे पर है। इस दौरे पर भारतीय-ए टीम को पहला मुकाबला 25 जून से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान टीम के खिलाफ खेलना है। बीसीसीआई की तरफ से सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया गया था जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल संभाल रहे हैं। वहीं इसके अलावा स्क्वाड में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा हैं जिनके प्रदर्शन को लेकर चयनकर्ताओं की नजरें सबसे ज्यादा रहने वाली हैं। टीम इंडिया ने इस दौरे पर हाल में खेली गई ए टीमों की वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका-ए को मात देने के साथ ट्रॉफी पर अपना कब्जा किया था। दोनों टीमों के बीच में पहले अनऑफिशियल टेस्ट की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से होगी।
सुदर्शन-पडिक्कल के अलावा गुरनूर पर रहेगी सभी की नजरें
श्रीलंका-ए टीम के खिलाफ होने वाली दो मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल के अलावा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी हर्ष दुबे का नाम शामिल है। इन सभी के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं क्योंकि टीम इंडिया को इस साल अगस्त महीने में श्रीलंका का दौरा भी करना है जहां पर टेस्ट सीरीज भी खेली जाने वाली है ऐसे में इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिलने की उम्मीद की जा सकती है। टीम इंडिया का टेस्ट में हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है जिसके चलते अफगानिस्तान के खिलाफ हुई एक मैच की टेस्ट सीरीज में कुछ नए खिलाड़ियों को आजमाया गया था।
श्रीलंका-ए के खिलाफ 2 मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड
ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बरार, औकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, एन. जगदीसन (विकेटकीपर), अमन मोखड़े, शेख रशीद, जीशान अंसारी।
सहान अराचिगे संभालेंगे श्रीलंका-ए टीम की कप्तानी
दो मैचों की इस अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट की तरफ से घोषित किए गए स्क्वाड में कप्तानी की जिम्मेदारी सहान अराचिगे संभालेंगे। इसके अलावा सीनियर खिलाड़ी के तौर निरोशन डिकवेला का नाम शामिल है जो वनडे ट्राई सीरीज में भी स्क्वाड का हिस्सा थे।
भारतीय ए टीम के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट के लिए श्रीलंका-ए का स्क्वाड
निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानिदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), पावंता वीरसिंघे, दिलुम सुदीरा, रविंदु फर्नांडो, केशरा नुवांथा, कविंदु पथिरत्ने, मोहम्मद शिराज, दुलज समुदिथा, प्रवीण मनीषा, असंका मनोज, सोहन डी लिवेरा, चमिका गुणसेकरा, अहान विक्रमसिंघे।
ये भी पढ़ें
जसप्रीत बुमराह की बादशाहत पर मंडराया खतरा, न्यूजीलैंड के गेंदबाज ने 36 साल बाद रच दिया इतिहास