ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक लीग स्टेज जैसे ही खत्म हुआ और सुपर-8 की तस्वीर साफ हुई, वैसे ही 2028 में होने वाले अगले T20 वर्ल्ड कप के लिए कई टीमों की किस्मत भी तय हो गई। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, जो भी टीमें 2026 संस्करण में सुपर-8 में पहुंचीं, उन्हें 2028 के लिए सीधे ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मिल गया। 2028 का T20 वर्ल्ड कप संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेला जाएगा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में पहुंचने वाली 8 टीमों में भारत, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड शामिल हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 में जगह नहीं बना सकी, लेकिन सह-मेजबान होने के कारण उसे अगले T20 वर्ल्ड कप में सीधे एंट्री मिल गई। यानी कुल मिलाकर 9 टीमें अगले T20 वर्ल्ड कप के लिए तय हो गई हैं। सुपर-8 की पूरी तस्वीर तब साफ हुई जब पाकिस्तान ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में नामीबिया को 102 रन से हराया।
सुपर-8 की 8 टीमों के अलावा तीन और टीमों को ICC T20I रैंकिंग (9 मार्च तक) के आधार पर सीधी एंट्री मिलनी थी। मौजूदा स्थिति में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और आयरलैंड इस दौड़ में आगे चल रही हैं। कट-ऑफ डेट से पहले इन टीमों के कोई इंटरनेशनल मुकाबले तय नहीं हैं, ऐसे में उनकी रैंकिंग में बदलाव की संभावना बेहद कम है और वे सीधे क्वालिफाई करती नजर आ रही हैं। बांग्लादेश ने 2026 के वर्ल्ड कप से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर नाम वापस ले लिया था, जिसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिला। वहीं अफगानिस्तान और आयरलैंड सुपर-8 में जगह नहीं बना सके थे, लेकिन रैंकिंग के दम पर 2028 में खेलने का रास्ता खुला है। 2028 का T20 वर्ल्ड कप 20 टीमों के बीच खेला जाएगा, जिसमें बाकी आठ स्थान रीजनल क्वालिफायर के जरिए भरे जाएंगे। कुल मिलाकर सुपर-8 के साथ ही अगले वर्ल्ड कप की तस्वीर भी लगभग साफ हो गई है।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तानी टीम में नहीं है सबकुछ सही, डगआउट में दिखी कोच हेसन और सलमान आगा के बीच बहस, देखें VIDEO
संपादक की पसंद