1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड में भारत ने कूट दिए 442 रन, ट्रक ड्राईवर के बेटे ने 9वें नंबर पर जड़ दिया तूफानी शतक

इंग्लैंड में भारत ने कूट दिए 442 रन, ट्रक ड्राईवर के बेटे ने 9वें नंबर पर जड़ दिया तूफानी शतक

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jun 25, 2025 10:58 pm IST,  Updated : Jun 25, 2025 11:32 pm IST

इंग्लैंड में 18 साल के भारतीय खिलाड़ी ने बल्ले से कमाल कर दिया। 50 ओवर मैच में भारतीय खिलाड़ी ने 52 गेंदों पर 103 रन ठोक दिए।

Harvansh Pangalia- India TV Hindi
हरवंश पंगालिया Image Source : PTI

भारतीय टेस्ट टीम को एक तरफ जहां लीड्स में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। वहीं, दूसरी तरफ भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड में कमाल कर दिया। भारतीय अंडर-19 टीम ने 24 जून को खेले गए वॉर्म-अप मैच में यंग लायंस इनविटेशनल XI टीम को 231 रनों से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 442 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में यंग लायंस इनविटेशनल XI की टीम 41.1 ओवर में महज 211 रनों पर ढेर हो गई। 

भारतीय टीम की इस जीत में 18 साल के बल्लेबाज हरवंश पंगालिया का अहम योगदान रहा। 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे पंगालिया ने ताबड़तोड़ अंदाज में महज 52 गेंदों पर 103 रन जड़े, जिसमें 9 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। हरवंश के इस ताबड़तोड़ शतक के दम पर भारतीय टीम ने 440 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए।

टॉप आर्डर ने किया निराश

टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का आगाज बेहद खराब रहा। IPL 2025 से सुर्खियों में आए आयुष म्हात्रे 1 और वैभव सूर्यवंशी 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विहान मल्होत्रा, मौल्यराजसिंह चावड़ा और अभिज्ञान कुंडू भी सस्ते में आउट हो गए। हालत इतनी खराब हो गई कि आधी टीम 91 के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गई। इसके बाद राहुल कुमार और कनिष्क चौहान के बीच 140 रनों की शानदार साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। 

हरवंश के पिता चलाते हैं ट्रक 

राहुल कुमार ने 73 रन और कनिष्क चौहान ने 79 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद लोअर ऑर्डर में अम्बरीश (72) और हरवंश ने मिलकर कमाल का प्रदर्शन किया और टीम को पहाड़ जैसे स्कोर तक पहुंचाया। भारतीय टीम की जीत के हीरो हरवंश की बात करें तो वह गुजरात के कच्छ के रण में स्थित एक छोटे से शहर गांधीधाम से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने श्री नकुल अयाची के मार्गदर्शन में नीलकंठ क्रिकेट अकादमी में कोचिंग ली है। हरवंश का परिवार अब कनाडा में रहता है, जहां उनके पिता ब्रैम्पटन में ट्रक चलाते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल