India vs England Test Series : भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज में अब तक 4 मैच हो चुके हैं। इसमें से पहला मैच जीतने के बाद इंग्लैंड को लगातार 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। इस तरह से सीरीज पहले ही इंग्लैंड के हाथ से निकल चुकी है और भारतीय टीम का इस पर कब्जा है। इस बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 7 मार्च से धर्मशाला में खेला जाना है। सवाल यही है कि सीरीज के आखिरी मैच में क्या भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ कुछ बदलाव अपनी प्लेइंग इलेवन में करेंगे। फिलहाल संभावना तो नजर आती है, लेकिन बहुत हल्की सी।
भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज पर टीम इंडिया कब्जा कर चुकी है। अब आखिरी मैच के रोमांच के केवल दो ही मायने रह गए हैं। पहला तो ये कि क्या भारतीय टीम इंग्लैंड को लगातार चौथे टेस्ट में हरा देगी या फिर इंग्लैंड आखिरी मैच जीतकर सीरीज के अंतर को कम करने में कायमाब रहेगा। इसके बाद चुंकि सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जा रही है, जिसकी प्वाइंट्स टेबल काफी अहम है, इसमें भारतीय टीम भी दूसरे स्थान पर है। क्या अगला मैच जीतकर भारतीय टीम फिर से नंबर एक की कुर्सी पर कब्जा जमाने में कामयाब हो पाएगी, ये भी देखना दिलचस्प होगा। इस बीच मैच में भारत की ओर से अपनी प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव हो सकते हैं।
वैसे तो भारतीय टीम में बहुत ज्यादा फेरबदल की संभावना नजर नहीं आती है, क्योंकि करीब करीब सभी ने अपने हिस्से का प्रदर्शन किया है। हर खिलाड़ी ने जीत में अपना अहम योगदान दिया है। लेकिन जिस खिलाड़ी को लेकर ज्यादा चर्चा हो रही है, वो रजत पाटीदार हैं, जो लगातार मौके दिए जाने के बाद भी उस स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। वहीं देवदत्त पडिक्कल बाहर बैठे हुए हैं और अपने टेस्ट डेब्यू का उन्हें इंतजार है। अब सवाल यही है कि रोहित शर्मा अपने विनिंग कॉबिनेशन के साथ ही जाएंगे या फिर कुछ बदलाव हो सकता है। रजत पाटीदार के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं तो देवदत्त को मौका देना तो बनता है।
भारतीय टीम इस सीरीज के आखिरी मैच के बाद आईपीएल 2024 में व्यस्त हो जाएगी। दो महीने तक चलने वाले दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में से एक के बाद जून में टी20 विश्व कप का आयोजन किया जाना है। यानी आने वाले कई महीने तक भारतीय टीम टेस्ट के मैदान पर नजर नहीं आएगी। ऐसे में दिलचस्प ये होगा कि क्या रजत पाटीदार की जगह एक नए खिलाड़ी को मौका देने का मन भारतीय टीम मैनेजमेंट बनाता है या फिर रजतको ही एक और मौका दिया जाता है। इसका खुलासा 7 मार्च को सुबह नौ बजे तभी होगा, जब रोहित शर्मा टॉस के लिए धर्मशाला के मैदान में उतरेंगे।
इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें
WPL 2024 के बीच इस खिलाड़ी के खिलाफ लिया गया एक्शन, इस गलती के चलते लगा जुर्माना
संपादक की पसंद