1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: आईसीसी टूर्नामेंट में कब से चल रही है भारत बनाम पाकिस्तान राइवलरी, ये रही 34 साल की पूरी कहानी

IND vs PAK: आईसीसी टूर्नामेंट में कब से चल रही है भारत बनाम पाकिस्तान राइवलरी, ये रही 34 साल की पूरी कहानी

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Feb 05, 2026 01:34 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 01:34 pm IST

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को मुकाबला होना था, जो अब नहीं हो पाएगा। इस बीच आपको आईसीसी टूर्नामेंट में भारत बनाम पाकिस्तान मैचों का पूरा इतिहास जानना चाहिए। जो करीब 34 साल पुराना है।

suryakumar yadav and salman ali agha- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा Image Source : AP

भारत बनाम पाकिस्तान महामुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब शायद नहीं होगा। पाकिस्तान का अड़ियल रुख बरकार है, हालांकि आईसीसी की ओर से अभी तक इस बारे में कोई अपडेट नहीं दिया गया है। लेकिन जो शेड्यूल जारी किया गया था, उसमें अभी तक 15 फरवरी को भारब बनाम पाकिस्तान मैच का जिक्र किया गया है। इस बीच आपको जानना चाहिए कि आईसीसी टूर्नामेंट में अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच कितने मुकाबले हुए हैं। दोनों टीमों ने​ कितने कितने मैच जीते हैं। हम आपके लिए पूरे 34 साल का इतिहास लेकर आए हैं। जो आपको जरूर जानना चाहिए। 

15 फरवरी को भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए टीम इंडिया जाएगी श्रीलंका

इस साल का टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। टीम इंडिया एक मैच को छोड़कर बाकी सारे मैच घर पर ही खेलेगी। वहीं पाकिस्तान को अपने सारे मैच श्रीलंका में खेलने हैं। पाकिस्तान की टीम इसके लिए श्रीलंका पहुंच भी गई है। भले ही पाकिस्तान की ओर से कहा गया हो कि वे 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले को नहीं खेलेंगे, लेकिन इसके बाद भी खबर है कि टीम इंडिया मैच से पहले श्रीलंका जाएगी। मैच हो ना हो, भारतीय टीम अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह से ​निभाएगी। मैच नहीं हुआ तो अगले ही दिन टीम वापस भारत लौट आएगी। 

साल 1992 में पहली बार खेला गया था वर्ल्ड कप इंडिया वर्सेज पा​​किस्तान मुकाबला

वर्ल्ड कप की बात की जाए तो आईसीसी ने पहली बार इसका आयोजन साल 1975 में कराया था, लेकिन शुरुआती कुछ संस्करणों तक भारत और पाकिस्तान के बीच कोई मैच इस टूर्नामेंट में नहीं खेला गया। वर्ल्ड कप में साल 1992 से ये सिलसिला शुरू हुआ, इसके बाद तो लगभग हर विश्व कप में भारत बनाम पाकिस्तान मैच सबसे बड़ा मुकाबला होने लगा। आंकड़े बताते हैं कि विश्व कप से फाइनल से ज्यादा लोग भारत बनाम पाकिस्तान मैच को देखने के लिए उत्सुक रहते हैं। हालांकि इस बार वो रोमांच फैंस को मिलेगा, इसमें शक नजर आ रहा है। 

आईसीसी टूर्नामेंट ये हैं भारत बनाम पाकिस्तान मैच के हेड टू हेड आंकड़े

साल 1992 से लेकर अब तक आईसीसी ने कुल मिलाकर 27 टूर्नामेंट कराए हैं। इसमें वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। इन 27 टूर्नामेंट में 22 बार भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया है। यानी पिछले 34 साल के आंकड़े हम आपको बता रहे हैं। साल 1992 से लेकर अब तक 9 बार वनडे विश्व कप खेला गया है। 9 ही बार टी20 विश्व कप हो चुका है और 9 ही दफा चैंपियंस ट्रॉफी भी खेली जा चुकी है। जैसा कि हमने आपको बताया कि इन 34 साल में आईसीसी टूर्नामेंट में 22 बार भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया है। इसमें से 18 मैच टीम इंडिया ने अपने नाम किए हैं और केवल 4 ही बार पाकिस्तानी टीम ने मैच में जीत दर्ज की है। 

पाकिस्तान ने जीता था विश्व कप, लेकिन टीम इंडिया से मिली थी करारी शिकस्त

साल 1992 में जब पहली बार विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला गया, तब भले ही पाकिस्तानी टीम विश्व विजेता बन गई हो, लेकिन भारतीय टीम से उसे हार का ही सामना करना पड़ा था। ये तो अपने आप में एक रिकॉर्ड है कि वनडे विश्व कप में शुरू से लेकर अब तक कभी भी पाकिस्तान टीम इंडिया को हराने में कामयाब नहीं हो पाया है। भारतीय टीम की जीत की कहानी तो बहुत लंबी है, लेकिन आपको उन गिनेचुने मैचों के बारे में बताते हैं, जब पाकिस्तान टीम इंडिया पर भारी पड़ा है। साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने टीम इंडिया को 10 विकेट से मात देने में कामयाबी हासिल की थी। य टी20 और वनडे विश्व कप की अकेली टीम इंडिया की पाकिस्तान के खिलाफ हार है। 

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में पाकिस्तान पड़ा है टीम इंडिया पर भारी

बाकी तीन जीत चैंपियन ट्रॉफी में आई हैं। चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन तो वैसे साल 1998 से हो रहा था, लेकिन साल 2004 में पहली बार इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया, इस मैच को पाकिस्तान ने 3 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी में 2009 में फिर पाकिस्तान ने टीम इंडिया को 54 रन से हरा दिया था। साल 2017 में फिर वो दिन आया, जब पाकिस्तान ने भारतीय क्रिकेट टीम को हराया था। तब पाकिस्तान ने 180 रन से मैच जीता था। ये चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल भी था। यही चार मौके रहे, जब पाकिस्तान ने टीम इंडिया को आईसीसी टूर्नामेंट में हराया है, बाकी 18 बार भारतीय टीम ने बाजी मारी है। 

एशिया कप 2025 में भारत दी थी पाकिस्तान को तीन बार पटकनी

भारत और पाकिस्तान के बीच अब केवल आईसीसी टूर्नामेंट और एशिया कप में ही आमना सामना होता है। आईसीसी टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच आखिरी​ भिड़ंंत साल 2023 की चैंपियंस ट्रॉफी में ही हुई थी। तब भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से पीटा था। पिछले साल सितंबर में एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच कुल मिलाकर 3 मुकाबले खेले गए थे, जिसमें से भारत ने तीन के तीन मैच अपने नाम कर लिए थे। फाइनल में भी भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब अगर इस बार वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं हुआ तो फिर आगे कब होगा, इसको लेकर अभी कुछ भी कहना संभव नहीं है। देखना होगा कि 15 फरवरी को क्या होता है। 

यह भी पढ़ें 

IND vs ENG: कब खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड U19 World Cup Final, मैच शुरू होने का वक्त नोट कीजिए

T20 World Cup 2026 में भारत की सलामी जोड़ी लॉक, 14 साल बाद दोहराया जाएगा ICC टूर्नामेंट में इतिहास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल