1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम के लिए ये खिलाड़ी साबित हुआ बड़ा हीरो, सुपर ओवर में टीम इंडिया को दिलाई जीत

भारतीय टीम के लिए ये खिलाड़ी साबित हुआ बड़ा हीरो, सुपर ओवर में टीम इंडिया को दिलाई जीत

 Published : Jul 31, 2024 12:46 am IST,  Updated : Jul 31, 2024 02:33 am IST

भारतीय टीम ने तीसरे टी20 मैच में श्रीलंका को सुपर ओवर में हरा दिया है। टीम इंडिया के लिए मैच में वॉशिंगटन सुदंर और शुभमन गिल ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

Indian Team- India TV Hindi
Indian Team Image Source : PTI

India vs Sri Lanka 3rd T20: भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरा टी20 मैच सुपर ओवर में जीत लिया है। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 137 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ने भी 20 ओवर में 137 रन बनाए, जिससे स्कोर बराबर हो गया। फिर दोनों ही टीमों के बीच सुपर ओवर हुआ। जहां भारतीय टीम ने बाजी मारी। मैच में भारतीय टीम के लिए गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

भारतीय बल्लेबाज हुए बुरी तरह से फ्लॉप

टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही थी। जब पावरप्ले में उन्होंने 30 रन पर ही चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद स्कोर 48/5 पर हो गया था। ऐसे में लग रहा था कि टीम इंडिया बहुत ही कम स्कोर पर सिमट जाएगी। लेकिन फिर ओपनर शुभमन गिल और रियान पराग ने अर्धशतकीय साझेदारी की। गिल ने 37 गेंदों में 39 रन बनाए। वहीं पराग ने 26 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 25 रनों की अहम पारी खेलकर भारत का कुल स्कोर 137 रन तक पहुंचाया। टीम इंडिया ने 20 ओवर्स में सिर्फ 137 रन बनाए। 

रिंकू और सूर्या ने भी की गेंदबाजी

छोटे टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने सधी हुई शुरुआत की। जब उन्होंने पहले 8 ओवर में 50 रन बनाए। टीम के लिए पथुम निसंका और कुसल मेंडिस बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे थे। 26 रनों के स्कोर पर पथुम निसंका स्पिनर रवि बिश्नोई की गेंद पर गच्चा खा गए और आउट हो गए। इसके बाद भी श्रीलंका की जीतने की उम्मीद बनी हुई थी। जब 15 ओवर के बाद उसका स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 108 रन था और उसे जीतने के लिए 30 गेंदों में 30 रनों की जरूरत थी। फिर रवि बिश्नोई ने 16वें ओवर में विकेट लिया और यहीं से मैच भारत की तरफ मुड़ गया। इसके बाद 17वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट हासिल किए। 

फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 19वां ओवर रिंकू सिंह से करवाया। इस ओवर में रिंकू ने दो विकेट हासिल किए। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीतने के लिए 6 रनों की जरूरत थी। लेकिन तब गेंदबाजी की कमान सूर्यकुमार ने संभाली और उन्होंने सिर्फ 5 रन दिए और दो विकेट हासिल किए। 

सुपर ओवर में हासिल की जीत

सुपर ओवर में भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी की जिम्मेदारी वॉशिंगटन सुंदर ने संभाली। उन्होंने सिर्फ दो रन दिए और दो विकेट हासिल किए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने चौका लगाकर टीम इंडिया को मैच जिता दिया। सुंदर को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और सूर्या को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। भारतीय टीम के लिए वॉशिंगटन सुंदर सबसे बड़े हीरो साबित हुए हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल