भारतीय महिला टीम अपने विजयी अभियान को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में जारी रख पाने में कामयाब नहीं हो सकी। लंदन के केनिंग्टन ओवल के मैदान पर खेले गए इस सीरीज के तीसरे टी20 मैच को मेजबान टीम ने 5 रनों के अंतर से अपने नाम किया। इंग्लैंड महिला टीम ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 171 रनों का स्कोर बनाया था। टीम इंडिया इस टारगेट का पीछा करते हुए 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 166 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। वहीं इस मुकाबले में एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बन गया जो अभी तक पुरुष और महिला क्रिकेट इतिहास में कभी नहीं बना था।
इंग्लैंड ने सिर्फ 25 गेंद में गंवा दिए अपने 9 विकेट
टीम इंडिया के गेंदबाजों को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में पहला विकेट हासिल करने के लिए 15.2 ओवर्स का इंतजार करना पड़ा। इंग्लैंड ने 137 के स्कोर पर अपना पहला विकेट सोफी डंकली का गंवाया था। इसके बाद टीम इंडिया ने 19.2 ओवर्स तक इंग्लैंड के 9 खिलाड़ी पवेलियन भेज दिए थे। इस तरह से भारतीय महिला टीम ने कुल 9 विकेट सिर्फ 25 गेंदों के अंदर हासिल कर लिया। ये अभी तक के क्रिकेट इतिहास में तीनों ही फॉर्मेट में चाहे पुरुष या महिला इंटरनेशनल में किसी टीम ने इतनी कम गेंदों के अंदर अपने 9 खिलाड़ी गंवा दिए। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में अरुंधती रेड्डी और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट जबकि श्री चरणी ने 2 विकेट अपने नाम किए।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की पारी नहीं आई काम
इस मुकाबले में टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी हुई थी। शेफाली के बल्ले से इस मैच में 25 गेंदों में 47 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं स्मृति मंधाना 56 रन बनाने में कामयाब रही। इन दोनों ही प्लेयर्स के पवेलियन लौटने के साथ इंग्लैंड की टीम को मुकाबले में वापसी का मौका मिल गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जरूर 23 रनों की पारी खेली लेकिन वह भी हार से टीम को नहीं बचा सकी। टीम इंडिया अभी भी इस सीरीज में 2-1 से आगे है, वहीं चौथा टी20 मुकाबला 9 जुलाई को मैनचेस्टर के ग्राउंड पर खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बराबर पहुंचे जायसवाल, छोटी सी उम्र में हासिल किया बड़ा मुकाम
148 सालों के टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा करिश्मा, IND vs ENG मैच में खेला गया गजब खेल