भारतीय टीम को अपनी अगली सीरीज अब सितंबर महीने में खेलनी है जब यूएई में एशिया कप खेला जाएगा। टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस अहम टूर्नामेंट से पहले अपनी फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया है, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नेट प्रैक्टिस करते हुए अपना वीडियो पोस्ट किया है। आईपीएल 2025 का सीजन खत्म होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड में स्पोर्ट्स हर्निया का ऑपरेशन कराया था, जिससे वह पिछले काफी समय से जूझ रहे थे। उसके बाद पूरी फिटनेस हासिल करने के लिए सूर्या नेशनल क्रिकेट अकेडमी में अपना समय बिता रहे थे।
सूर्या ने शेयर की ट्रेनिंग सेशन का वीडियो
सूर्यकुमार यादव ने पेट के निचले दाहिने हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाई थी। इसके बाद से सभी की नजरें एशिया कप से पहले उनकी फिटनेस पर टिकी हुई थी। सूर्यकुमार यादव ने अब फैंस को अच्छी खबर अपने पोस्ट के जरिए दी है, जिसमें वह लगभग पूरी तरह से फिट दिखाई दिए हैं। सूर्यकुमार यादव ने जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें उन्होंने कैप्शन में लिखा कि मैं उस काम को करने के लिए बेताब हूं जो मुझे पसंद है। भारतीय टीम के लिए सूर्यकुमार यादव का एशिया कप से पहले पूरी तरह फिट होना काफी अहम है क्योंकि इस टूर्नामेंट के जरिए टीम इंडिया अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 की भी अपनी तैयारी को शुरू करेगी।
एशिया कप में टीम इंडिया 10 सितंबर को खेलेगी अपना पहला मुकाबला
टीम इंडिया को अगले महीने होने वाले एशिया कप 2025 में पाकिस्तान, ओमान और मेजबान देश के साथ ग्रुप-ए में जगह मिली है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई की टीम के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 14 सितंबर को टीम इंडिया का सामना पाकिस्तान से होगा जबकि 19 सितंबर को ओमान की टीम के खिलाफ मैच खेलेगी। सूर्यकुमार यादव का बतौर कप्तान अब तक टी20 इंटरनेशनल में काफी शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला जिसमें उनके नेतृत्व में टीम ने 22 मैचों में से 17 में जीत हासिल की है।
ये भी पढ़ें
ZIM vs NZ: रचिन रवींद्र ने टेस्ट में खेली वनडे जैसी पारी, जिम्बाब्वे पर न्यूजीलैंड की भारी लीड
इंटरनेशनल क्रिकेट में 7 साल बाद वापसी कर सकता ये पूर्व कप्तान, बल्ले और गेंद दोनों से दिखाया है कमाल