1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऋषभ पंत के ना होने से पूरी तरह से बदल जाएगी दिल्ली कैपिटल्स, ये है टीम की सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी

ऋषभ पंत के ना होने से पूरी तरह से बदल जाएगी दिल्ली कैपिटल्स, ये है टीम की सबसे बड़ी ताकत और कमजोरी

 Written By: Govind Singh
 Published : Mar 26, 2023 10:31 am IST,  Updated : Mar 26, 2023 10:54 am IST

IPL 2023 में दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी

Delhi Capitals - India TV Hindi
Delhi Capitals Image Source : INDIA TV

Delhi Capitals 2023: आईपीएल 2023 में पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2023 में अपना पहला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी। लेकिन इस बार दिल्ली कैपिटल्स के नियमित कप्तान ऋषभ पंत चोटिल होने की वजह से आईपीएल 2023 में भाग नहीं ले पाएंगे। इसी वजह से उनकी जगह डेविड वॉर्नर को कप्तान बनाया गया है। आईपीएल 2008 के बाद से ही दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक एक भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है। साल 2020 में दिल्ली की टीम फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां उन्हें मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा। 

ये‌ है दिल्ली कैपिटल्स की सबसे बड़ी ताकत 

पिछले सीजन ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी, टीम ने सिर्फ 14 मैचों में से 7 मैच जीते और 7 में हार का सामना करना पड़ा। इस बार दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी बहुत ही मजबूत नजर आ रही है। टीम के साथ एनरिच नॉर्खिया, मुस्तफिजुर रहमान, लुंगी एनगिडी, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार और खलील अहमद शामिल हैं। भारतीय पिचें हमेशा से ही स्पिनर्स की मददगार होती हैं। इन पिचों पर कहर बरपाने के लिए टीम के पास कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और प्रवीण दुबे मौजूद हैं। ये खिलाड़ी किसी भी बल्लेबाजी आक्रामण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। 

इन प्लेयर्स पर होगा दारोमदार 

आईपीएल 2022 में कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने दम पर दिल्ली कैपिटल्स को कई मैच जिताए  थे। उन्होंने आईपीएल 2022 के 14 मैचों में 21 विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 59 मैचों में 61 विकेट चटकाए हैं। वहीं, अक्षर पटेल अभी तक आईपीएल के 121 मैचों में कुल 103 विकेट हासिल किए हैं। 

बल्लेबाजी है बड़ी कमजोरी 

ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में टीम की विकेटकीपिंग कौन करेगा। टीम मैनेजमेंट की ये सबसे बड़ी टेंशन है। टीम के पास सरफराज खान, फिल सॉल्ट जैसे विकेटकीपर हैं। वहीं, डेविड वॉर्नर भी विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। पंत के न होने से टीम की बल्लेबाजी भी कमजोर हुई है। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी आक्रमण में डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, पृथ्वी शॉ, रोवमैन पॉवेल, राइली रूसो मौजूद हैं। टीम की बल्लेबाजी कमजोर है। पृथ्वी शॉ अपनी लय में नजर नहीं आ रहे हैं। 

आईपीएल 2023 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम: 

डेविड वार्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, रिपल पटेल, रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, यश ढुल, मिचेल मार्श, ललित यादव, अक्षर पटेल, एनरिक नार्जे, चेतन सकारिया, कमलेश नागरकोटी, खलील अहमद, लुंगी एनगिडी, मुस्तफिजुर रहमान , अमन खान, कुलदीप यादव, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, ईशांत शर्मा, फिल सॉल्ट, मुकेश कुमार, मनीष पांडे, रेली रोसौव, ऋषभ पंत (अनुपलब्ध). 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल