Highlights
- हार्दिक पांड्या दो दिन तक एनसीए में ही रहेंगे, देंगे फिटेनस टेस्ट
- इस बार गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते दिखेंगे हार्दिक पांड्या
- टी20 विश्व कप 2021 के बाद से अब तक क्रिकेट नहीं खेले हैं पांड्या
आईपीएल 2022 में अब चंद ही दिन शेष रह गए हैं। पहला मैच 26 मार्च को खेला जाएगा। इससे पहले एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या एनसीएस यानी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी पहुंचे हैं, जो बेंगलोर में है। इस बीच हार्दिक पांड्या अब वहां पर अगले दो दिन में फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। खास बात ये है कि फिटनेस टेस्ट देने के बाद उन्हें गुजरात टाइटन्स की कप्तानी के लिए भी हरी झंडी मिल जाएगी।
आईपीएल में गेंदबाजी करने की मिल सकती है परमीशन
इस दौरान सबसे खास बात ये होगी कि हार्दिक पांड्या को आईपीएल 2022 में अपनी टीम के लिए पूरी तरह से कोहनी मोड़कर गेंदबाजी करने की मंजूरी मिलती है या नहीं। गुजरात टाइटन्स की टीम 28 मार्च को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा है कि हार्दिक अगले दो दिन तक एनसीए में होंगे और फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। वह बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन पिछले साल जब यूएई में टी20 विश्व कप हुआ था, उसके बाद से अब तक कोई भी क्रिकेट नहीं खेला है। उन्होंने कहा कि उन्हें फिटनेस परीक्षण पास करना जरूरी होगा क्योंकि अब यह पिछले कुछ समय से अनिवार्य हो गया है।
बीसीसीआई खिलाड़ियों पर रख रहा है सख्त नजर
आपको बता दें पिछले साल श्रेयस अय्यर भी कंधे की चोट के बाद आईपीएल में खेलने से पहले फिटनेस टेस्ट के लिए एनसीए गए थे। राष्ट्रीय टीम और एनसीए डॉक्टर स्टाफ हमेशा अपने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों पर नजर रखता है और पता चला है कि टाइटन्स के बड़ौदा में पांच दिवसीय ट्रेनिंग शिविर के दौरान हार्दिक ने दो तीन सत्र के दौरान गेंदबाजी की थी।
(Bhasha inputs)