1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2023 Orange Cap Purple Cap : फॉफ डुप्‍लेसी पर खतरा! इतने रन बनते ही छोड़नी पड़ेगी ऑरेंज कैप

IPL 2023 Orange Cap Purple Cap : फॉफ डुप्‍लेसी पर खतरा! इतने रन बनते ही छोड़नी पड़ेगी ऑरेंज कैप

 Published : May 11, 2023 10:04 am IST,  Updated : May 11, 2023 10:04 am IST

IPL 2023 Orange Cap Purple Cap : आईपीएल 2023 में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज को ऑरेंज कैप मिलती है और जिसने सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप मिलती है।

faf du plessis Virat Kohli Glenn Maxwell- India TV Hindi
faf du plessis Virat Kohli Glenn Maxwell Image Source : PTI

IPL 2023 Orange Cap Purple Cap :  आईपीएल 2023 में एक तरफ टीमों के बीच टॉप 4 में जाने के लिए टक्‍कर हो रही है, वहीं दूसरी ओर प्‍लेयर्स के बीच सबसे ज्‍यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप और सबसे ज्‍यादा विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्‍जा करने की जंग अब रोचक हो चली है। हालां‍कि बुधवार को जो मैच खेला गया, उसमें इन दोनों लिस्‍टों पर कोई असर नहीं पड़ा है। लेकिन आज जो मैच है, वो काफी टक्‍कर का होगा और हो सकता है कि इस लिस्‍ट में बदलाव हो जाए। अभी सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज आरसीबी के कप्‍तान फॉफ डुप्‍लेसी के पास ऑरेंज कैप  है, लेकिन अब एक भारतीय खिलाड़ी उनके लिए खतरा बनता हुआ नजर आ रहा है। मजे की बात ये है कि जहां एक और फॉफ डुप्‍लेसी इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर चुके हैं, वहीं नंबर दो पर चल रहे यशस्‍वी जायसवाल अभी तक टीम इंडिया के लिए डेब्‍यू भी नहीं कर पाए हैं। कहां फॉफ डुप्‍लेसी जैसा दिग्‍गज बल्‍लेबाज और कहां नए नवेले यशस्‍वी जायसवाल। यहीं तो आईपीएल की  खूबसूरती है, इसलिए इसे दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग कहा जाता है। 

आईपीएल 2023 में फॉफ डुप्‍लेसी ने बनाए हैं सबसे ज्‍यादा रन, दूसरे नंबर पर यशस्‍वी जायसवाल 

आईपीएल 2023 में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज इस वक्‍त आरसीबी के कप्‍तान फॉफ डुप्‍लेसी हैं, उनके नाम अब तक 11 मैचों में 576 रन हो चुके हैं। फॉफ डुप्‍लेसी ने छह अर्धशतक इन 11 मैचों में लगाए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर अनकैप्‍ड प्‍लेयर यशस्‍वी जायसवाल हैं। उनके नाम 11 मैचों में 477 रन हैं। यानी मैच तो बराबर हैं, लेकिन जायसवाल अब फॉफ डुप्‍लेसी से 99 रन पीछे हैं। इससे पहले यशस्‍वी जायसवाल तीन अर्धशतक और एक शतक लगा चुके हैं। आज राजस्‍थान रॉयल्‍स की टीम केकेआर के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगी। आज के मैच में अगर यशस्‍वी जायसवाल के बल्‍ले से शतक आया तो वे फॉफ डुप्‍लेसी को पीछे छोड़ देंगे, लेकिन इसके लिए उन्‍हें बड़ी पारी खेलनी होगी। खास बात ये है कि इस बीच दो दिन तक आरसीबी का कोई मैच नहीं है। आरसीबी की टीम सीधे 14 मई को मैच खेलने उतरेगी, जब उसका मुकाबला आरआर यानी राजस्‍थान रॉयल्‍स से होगा। अगर आज यशस्‍वी जायसवाल फॉफ के करीब भी पहुंच गए तो फिर अगले मैच में इन दोनों के बीच रनों की जंग देखने लायक होगी। इसके बाद नंबर तीन पर शुभमन गिल हैं, जो 11 मैचों में 467 रन बना चुके हैं। वे यशस्‍वी जायसवाल से ज्‍यादा पीछे नहीं हैं। आज यशस्‍वी खेलेंगे और इसके बाद अगले दिन यानी शुक्रवार को गुजरात टाइटंस मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी, यानी शुभमन गिल खेलने उतरेंगे। नंबर चार की बात की जाए तो यहां पर सीएसके डेवोन कॉन्‍वे हैं, जो 12 मैचों में 468 रन बना चुके हैं। नंबर पांच पर विराट कोहली का कब्‍जा है, जो 11 मैचों में 420 रन बना चुके हैं। आरसीबी अब इस बीच सीधे 14 मई को खेलने उतरेंगी, तब तक इस लिस्‍ट में काफी बदलाव हो चुके होंगे। 

आईपीएल 2023 में मोहम्‍मद शमी, राशिद खान और तुषार देशपांड के पास सबसे ज्‍यादा विकेट 
अब करते हैं सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात। इसमें भी आज की तारीख में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यहां पर पहले और दूसरे नंबर पर गुजरात टाइटंस का कब्‍जा है। सबसे ज्‍यादा विकेट लेकर मोहम्‍मद शमी सबसे आगे हैं। वे अब तक 11 मैचों में 19 विकेट ले चुके हैं, वहीं दूसरे नंबर पर राशिद खान हैं, उनके भी मैच और विकेट मोहम्‍मद शमी के बराबर हैं। तुषार देशपांडे भी 19 विकेट ले चुके हैं, लेकिन वे 12 मैच खेल चुके हैं। यानी टॉप 3 के गेंदबाजों के विकेट बराबर हैं, इसलिए पहले और दूसरे नंबर पर फैसला इकॉनमी के आधार पर किया गया है। इसके बाद तीसरे नंबर पर पीयूष चावला हैं, जो मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं, वे 11 मैचों में 17 विकेट चटका चुके हैं। वरुण चक्रवर्ती नंबर पांच पर हैं, जो 11 मैचों में 17 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। आज राजस्‍थान रॉयल्‍स और केकेआर का मैच है। केकेआर की ओर से यजुवेंद्र चहल उतरेंगे और केकेआर की ओर से वरुण चक्रवर्ती। दोनों के बराबर 17 विकेट हैं। यानी आज जो ज्‍यादा विकेट लेगा वो आगे निकल जाएगा। वैसे भी आज कोलकाता में मैच है, वहां की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार होती है। आज अगर वरुण और युजवेंद्र चहल में से किसी ने भी तीन विकेट ले लिए तो पर्पल कैप उसके सिर पर आ जाएगी। यानी चाहे रनों की बात हो और चाहे विकेट की, दुनियाभर के प्‍लेयर्स की रोचक जंग जारी है, इसलिए अभी कह पाना मुश्‍किल है कि इसका विजेता कौन बनेगा। 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल