IPL 2026 ऑक्शन नजदीक आते ही फ्रेंचाइजियों की नजरें एक बार फिर बड़े नामों के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने वाले अनकैप्ड खिलाड़ियों पर टिक गई हैं। 2024-25 घरेलू सत्र में रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विभिन्न स्टेट T20 लीग्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों ने ध्यान खींचा है। नई गेंद से स्विंग कराने वाले तेज गेंदबाज, लेफ्ट-आर्म गेंदबाज, पावर-हिटर और धाकड़ ऑलराउंडरों की इस बार ऑक्शन में जबरदस्त डिमांड देखने को मिल सकती है। आइए जानते हैं उन अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों के बारें में, जो इस बार ऑक्शन में बिखेर सकते हैं जलवा....
तुषार रहेजा (तमिलनाडु)
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज तुषार रहेजा ने TNPL में धमाकेदार प्रदर्शन से पहचान बनाई। 2025 सीजन में उन्होंने 61 के शानदार औसत 185.55 के स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए। IPL ऑक्शन में जब तुषार के नाम पर बोली लगेगी, तो हलचल मचने की पूरी उम्मीद है।
सलमान निजार (केरल)
रणजी ट्रॉफी में 628 रन और केरल क्रिकेट लीग में तूफानी बल्लेबाजी करने वाले सलमान निजार ने एक साल में खुद को फिनिशर के रूप में स्थापित किया है भले ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन साधारण रहा हो, लेकिन उनकी पावर हिटिंग पर फ्रेंचाइजियां दांव लगा सकती हैं।
औकिब नबी (जम्मू-कश्मीर)
29 साल के औकिब नबी दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार गेंदबाजी से सुर्खियां बटोर रहे हैं। 2025-26 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने सिर्फ पांच मैचों में 29 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका औसत सिर्फ 13.27 का रहा है। दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत और नई गेंद से शुरुआती विकेट दिलाने की उनकी क्षमता उन्हें IPL ऑक्शन में बड़ी रकम दिला सकती है।
अशोक शर्मा (राजस्थान)
23 साल के अशोक शर्मा के लिए यह सीजन शानदार रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में उन्होंने आठ मैचों में 20 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर बने। 140 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार और विकेट लेने की भूख उन्हें फ्रेंचाइजियों के लिए आकर्षक विकल्प बनाती है।
कार्तिक शर्मा (राजस्थान)
महज 19 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने रणजी डेब्यू पर शतक जड़कर सुर्खियां बटोरीं। विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कार्तिक मिडिल ऑर्डर में ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाने की काबिलियत रखते हैं। ऐसे में कार्तिक पर भी जमकर बोली लगने की उम्मीद है।
IPL ऑक्शन में मैकनील नरोन्हा, मनी ग्रेवाल, अर्पित राणा, पृथ्वीराज यार्रा, अखिल स्कारिया, राज लिंबानी, सनी संधू, कर्नाटक के यश राज पुंजा, उत्तर प्रदेश के प्रशांत वीर जैसे खिलाड़ियों पर भी सभी की निगाहें टिकी होंगी।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: कब होगा भारत बनाम साउथ अफ्रीका चौथा टी20 मुकाबला, नोट कर लीजिए मैच की तारीख
जिसे टीम इंडिया में अब तक नहीं मिला मौका, अब आईपीएल ऑक्शन में सरप्राइज एंट्री