IRE vs NZ: आयरलैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अपने ऐतिहासिक टेस्ट मुकाबले के लिए युवा खिलाड़ियों पर बड़ा भरोसा जताया है। बेलफास्ट में 27 मई से शुरू होने वाले इस टेस्ट मैच के लिए आयरलैंड ने 14 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट स्क्वॉड में जगह मिली है। खास बात यह है कि यह न्यूजीलैंड के खिलाफ आयरलैंड का पहला टेस्ट मैच होगा, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।
कई नए चेहरों की टीम में एंट्री
आयरलैंड ने ओपनर जेक ईगन और तेज गेंदबाज टॉम मेयस, रूबेन विल्सन और लियाम मैकार्थीको टीम में शामिल किया है। इनमें से ईगन और विल्सन ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, जबकि मेयस और मैकार्थी सीमित ओवरों में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 22 साल के जेक ईगन ने हाल ही में एमराल्ड चैलेंज में शानदार शतक जड़कर सबका ध्यान खींचा था। वहीं 19 साल के रूबेन विल्सन को आयरलैंड क्रिकेट का अगला बड़ा तेज गेंदबाज माना जा रहा है। साउथ अफ्रीका में जन्मे लियाम मैकार्थी 2021 में आयरलैंड आए थे और अब तक 6 फर्स्ट क्लास मैचों में 19 विकेट ले चुके हैं।
टीम की कप्तानी अनुभवी बल्लेबाज एंड्रयू बालबर्नी करेंगे, जो आयरलैंड के अब तक खेले गए सभी टेस्ट मैचों का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, टीम को बड़ा झटका तब लगा जब स्टार बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग चोट के कारण बाहर हो गए। स्टर्लिंग ग्रेड-2C स्ट्रेन और घुटने की समस्या से जूझ रहे हैं, जो उन्हें T20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी थी। कोच हेनरिक मालन ने बताया कि स्टर्लिंग की चोट पूरी तरह ठीक नहीं हुई है और टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। इसके अलावा तेज गेंदबाजबैरी मैकार्थी पूरे साल के लिए ACL इंजरी के कारण बाहर हो गए हैं। वहीं जोश लिटिल, गेविन होए और जॉर्डन नील भी चोटों की वजह से चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
बेलफास्ट में खेला जाएगा मुकाबला
ऑलराउंडर कर्टिस कैम्फर इस टेस्ट में सिर्फ बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे, क्योंकि वह अभी गेंदबाजी में वापसी की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। यह मुकाबला बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब, स्टॉर्मोंट में खेला जाएगा। इससे पहले आयरलैंड ने नवंबर 2025 में बांग्लादेश का दौरा किया था, जहां उसे दोनों टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, अब युवा खिलाड़ियों से सजी टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए आयरलैंड की टीम: एंड्रयू बालबर्नी (कप्तान), मार्क अडायर, कर्टिस कैम्फर, केड कारमाइकल, स्टीफन डोहेनी, जेक ईगन, मैथ्यू हम्फ्रीज, टॉम मेस, एंड्रयू मैकब्राइन, लियाम मैकार्थी, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर, रूबेन विल्सन, क्रेग यंग।