इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया था, जिसमें केएल राहुल के बीमार होने की वजह से ईशान किशन को खेलने का मौका मिला। इस मुकाबले में ईशान बल्ले से कुछ खास कमाल करने में कामयाब नहीं हो सके लेकिन विकेट के पीछे उन्होंने जिस तरह से अपनी सूझबूझ को दिखाया उसकी तारीफ जरूर देखने को मिल रही है। इस मुकाबले में जब इंग्लैंड की टीम 234 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी तो उन्होंने 26वें ओवर में जोस बटलर के रूप में अपना 5वां विकेट गंवाया था। बटलर को आउट करने में ईशान किशन की विकेट के पीछे से अक्षर पटेल को दी गई सलाह ने कमाल दिखाया जिसमें उन्होंने अगली ही बॉल पर बटलर को बोल्ड करते हुए उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
मुझे लग रहा है स्टंप वाली बॉल फंस रही है
कार्डिफ वनडे मैच में 234 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी मेजबान इंग्लैंड की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने 94 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जो रूट और जोस बटलर ने पारी को संभालने के साथ 31 रनों की साझेदारी कर ली थी। ऐसे में टीम इंडिया को अगले विकेट की जल्दी तलाश थी और पारी के 26वें ओवर में गेंदबाजी करने आए अक्षर पटेल को तीसरी गेंद के बाद विकेट के पीछे से ईशान किशन ने सलाह देते हुए कहा "मुझे लग रहा है कि स्टंप वाली बॉल फंस रही है। ऐसे ही वाले पर गिराते रह घूम जाएगी।" ईशान की इस सलाह के बाद अक्षर ने अगली ही गेंद पर बिल्कुल वैसा ही किया और जोस बटलर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 17 के निजी स्कोर पर बोल्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए।
ईशान ने मुकाबले में पकड़े कुल चार कैच
वनडे फॉर्मेट में केएल राहुल के साथ स्क्वाड में उनके बैकअप विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शामिल किए गए ईशान किशन ने कार्डिफ में खेले गए दूसरे मुकाबले में विकेट के पीछे कुल चार कैच पकड़े। इसी के साथ वह भारतीय विकेटकीपर के रूप में एक स्पेशल क्लब का भी हिस्सा बन गए। ईशान किशन एक वनडे मैच में पहले शुरुआती चार विकेट का हिस्सा रहने वाले संयुक्त रूप से तीसरे खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर एमएस धोनी का नाम है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ साल 2007 में लीड्स के मैदान पर खेले गए वनडे मैच में शुरुआती 5 विकेट का हिस्सा रहे थे।
ये भी पढ़ें