इंग्लैंड के युवा धाकड़ बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल मैच में शानदार शतक लगाया। इस मैच में वह 48 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के की मदद से 105 रन बनाकर रनआउट हुए। बेथेल इंग्लैंड की पारी के 20वें ओवर में रन आउट हुए। बेथेल ने इस मैच में शतक लगाया लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। हालांकि शतक लगाकर उन्होंने कुछ रिकार्ड्स जरूर अपने नाम कर लिए। शतक लगाकर उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो उनसे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में कोई भी खिलाड़ी नहीं बना पाया था।
जैकब बेथेल क्रिकेट के इतिहास के पहले ऐसे प्लेयर बने हैं, जिन्होंने लिस्ट ए, फर्स्ट क्लास और टी20 फॉर्मेट में अपना पहला शतक इंटरनेशनल मैच में लगाया हो। उनसे पहले कोई भी खिलाड़ी ऐसा रिकॉर्ड नहीं बना पाया था। वानखेड़े स्टेडियम में लगाया गया शतक बेथेल के टी20 करियर का पहला शतक था। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला फर्स्ट-क्लास, लिस्ट A, और T20 शतक बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। डेब्यू करने से पहले बेथेल के नाम कोई शतक नहीं था, लेकिन अब वह तीनों ही फॉर्मेट में शतक अपने नाम कर चुके हैं।
आपको बता दें कि जैकब बेथेल टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले इंग्लैंड के चौथे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले एलेक्स हेल्स ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाया था। वहीं साल 2021 में जोस बटलर ने श्रीलंका और हैरी ब्रूक ने इसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया था। अब दिग्गजों को इस लिस्ट में जैकब बेथेल का नाम शामिल हो गया है। बेथेल ने टीम इंडिया के खिलाफ शतक लगाया है।
22 साल के बेथेल 105 रन बनाकर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के फिन एलन ने शतक जड़ इतिहास रचा था। वह टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अगले ही दिन बेथेल ने 105 रन बनाकर फिन एलन के इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इंग्लैंड की टीम हार के साथ इस वर्ल्ड कप से बाहर हो गई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद