IPL 2026 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शुरुआत ही किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। जहां टीम सिर्फ 127 रन पर ढेर हो गई, वहीं दूसरी ओर एक ऐसा रिकॉर्ड भी टूट गया, जो सालों से एमएस धोनी के नाम से जुड़ा हुआ था। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। राजस्थान के गेंदबाजों ने पिच का पूरा फायदा उठाया और पावरप्ले के भीतर CSK के टॉप आर्डर को तहस-नहस कर दिया। नतीजा ये हुआ कि पूरी टीम 127 रन पर ढेर हो गई।
धोनी का रिकॉर्ड ध्वस्त
CSK की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ सिर्फ 6-6 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर आए आयुष म्हात्रे खाता भी नहीं खोल सके, जबकि मैथ्यू शॉर्ट 2 रन बनाकर चलते बने। टीम के टॉप-4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। हालांकि, इस खराब प्रदर्शन के बीच एक बड़ा रिकॉर्ड जरूर बना। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उन्होंने आखिरी विकेट के लिए अंशुल कंबोज (नाबाद 7 रन) के साथ 32 रन की साझेदारी की। यह IPL इतिहास में CSK के लिए 10वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है, जिसने धोनी और मोहित शर्मा के 26 रन के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
यही नहीं, IPL मैच में 8वें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए CSK के लिए जेमी ओवरटन द्वारा बनाए गए 43 रन अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले, यह रिकॉर्ड MS धोनी के नाम था, जिन्होंने 2024 में विशाखापट्टनम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 37 रन बनाए थे।
राजस्थान के गेंदबाजों ने किया कमाल
राजस्थान के लिए गेंदबाजी में रवींद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक ही ओवर में शिवम दुबे और सरफराज खान को आउट कर CSK को दो बड़े झटके दिए। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि नंद्रे बर्गर ने 26 रन देकर 2 विकेट झटके। जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ें
संजू सैमसन को 7 साल बाद देखना पड़ा ऐसा दिन, CSK के लिए डेब्यू मैच में ही रहे फ्लॉप
IPL 2026: टूटा 277 मैचों का सिलसिला, CSK फैंस के लिए यकीन करना मुश्किल!