जसप्रीत बुमराह अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए फेमस हैं और उनकी यॉर्कर गेंद का कोई भी सानी नहीं है। मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और दो टेस्ट मैच मैचों में कुल 12 विकेट अपने नाम किए हैं। अब सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में भी उनका खेलना लगभग तय है।
इमरान खान को कर सकते हैं पीछे
जसप्रीत बुमराह अगर इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में पांच विकेट हॉल लेने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह इंग्लैंड में टेस्ट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने वाले एशियन बॉलर बन जाएंगे। बुमराह ने अभी तक इंग्लैंड में टेस्ट में चार बार 5 विकेट हॉल हासिल किए हैं। वहीं इंग्लैंड में टेस्ट में इमरान खान ने चार बार और मुथैया मुरलीधरन ने पांच बार 5 विकेट हॉल हासिल किया है। बुमराह के पास इन दोनों दिग्गज प्लेयर्स को पीछे करने का सुनहरा मौका है।
इंग्लैंड में टेस्ट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले एशियन बॉलर:
- मुथैया मुरलीधरन-5 बार
- जसप्रीत बुमराह-4 बार
- इमरान खान-4 बार
- वकार यूनिस-3 बार
बुमराह ने इंग्लैंड में हासिल किए 49 टेस्ट विकेट
जसप्रीत बुमराह ने अभी तक इंग्लैंड की धरती पर कुल 11 टेस्ट मैच खेले है और इसमें 49 विकेट हासिल कर लिए हैं। इसमें चार बार पांच विकेट हॉल भी शामिल हैं। मौजूदा सीरीज में भी वह अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत को सीरीज में बने रहने के लिए चौथे टेस्ट मैच में हर हाल में जीतना आवश्यक है। इसी वजह से बुमराह का चौथे टेस्ट में खेलना बहुत ही जरूरी है।
मैनचेस्टर में नहीं जीता है एक भी टेस्ट मैच
मैनचेस्टर के मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ने अभी तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से चार में हार मिली है और पांच मैच ड्रॉ रहे हैं। टीम इंडिया आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाई है। भारत ने यहां पर पिछला टेस्ट मुकाबला साल 2014 में खेला था, जिसमें उसे हार मिली थी।
यह भी पढ़ें:
'कोई पृथ्वी शॉ को ये फोटो दिखाओ', IND-ENG सीरीज के बीच केविन पीटरसन ने किया ऐसा ट्वीट
मैच से दो दिन पहले ही सिराज ने किया बड़ा ऐलान, चौथे टेस्ट में इस खिलाड़ी का खेलना कन्फर्म